शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। सहारनपुर में अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया के तहत शनिवार को मुजफ्फरनगर जनपद की जानसठ तहसील तथा शामली जनपद की कैराना, शामली एवं ऊन तहसीलों के अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई। भर्ती में शामिल होने के लिए कुल 1,260 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिनमें से 1,170 अभ्यर्थी भर्ती स्थल पर पहुंचे।
भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा कराई गई। रनिंग परीक्षा में 945 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की, जबकि शेष अभ्यर्थियों का फिजिकल टेस्ट जारी रहा। भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
अभ्यर्थियों ने निर्धारित मानकों के अनुसार शारीरिक दक्षता परीक्षा में अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। भर्ती प्रक्रिया को लेकर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
रनिंग परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण की कार्रवाई निर्धारित नियमों के अनुसार की जाएगी। वहीं, शेष अभ्यर्थियों का फिजिकल टेस्ट पूरा होने के बाद आगे की प्रक्रिया जारी रहेगी।








