शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। थाना मंडी पुलिस ने हत्या के प्रयास के मुकदमे में वांछित चल रहे आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस तथा स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ और अपराध नियंत्रण के लिए जनपद में लगातार गश्त एवं चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 29 अगस्त की रात थाना मंडी पुलिस टीम शक्लापुरी रोड स्थित शराब के ठेके के पास संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि हत्या के प्रयास के मुकदमे में वांछित आरोपी शक्लापुरी की ओर से आ रहा है और किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर आरोपी मोटरसाइकिल तेज गति से कच्चे रास्ते की ओर भगाने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई। पुलिस के अनुसार, पीछा करते हुए पुलिसकर्मियों को नजदीक आता देखकर आरोपी ने उन पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान साकिब अहमद पुत्र असलूब अहमद निवासी निसार रोड रायवाला, थाना मंडी, सहारनपुर, मूल निवासी हैदराबाद के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक साकिब अहमद थाना मंडी पर दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 432/2026, धारा 109(1)/61(2) बीएनएस में वांछित था। उसके कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा एवं एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के कब्जे से बरामद काले रंग की स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल भी थाना मंडी पर दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 340/2026, धारा 303(2)/317(2) बीएनएस से संबंधित है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और उसके साथियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।








