शहरी चौपाल ब्यूरो
गंगोह। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत थाना गंगोह पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 23 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4.60 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार में शामिल अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी गंगोह के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक इन्द्रेश कुमार के नेतृत्व में 29 अगस्त को थाना गंगोह पुलिस चेकिंग एवं गश्त कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस टीम ने लखनौती रोड से बुड्ढाखेड़ा रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर मोड़ के पास दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा। तलाशी के दौरान सारिक पुत्र फैय्याज, निवासी मोहल्ला कुरैशियान, कस्बा व थाना गंगोह के कब्जे से 12 ग्राम तथा सारिक पुत्र इस्लाम, निवासी मोहल्ला कुरैशियान, कस्बा व थाना गंगोह के कब्जे से 11 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना गंगोह में मुकदमा अपराध संख्या 414/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक्स के संबंध में पूछताछ एवं जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी सारिक पुत्र फैय्याज के खिलाफ पूर्व में भी गंगोह थाने में चोरी एवं शस्त्र अधिनियम से संबंधित तीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मुकदमा अपराध संख्या 722/2018 धारा 379/411 भादवि, मुकदमा अपराध संख्या 288/2022 धारा 4/25 आयुध अधिनियम तथा मुकदमा अपराध संख्या 83/2023 धारा 379/411 भादवि शामिल हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक आजाद सिंह, हेड कांस्टेबल राहुल कुमार तथा कांस्टेबल विशाल कुमार शामिल रहे।








