शहरी चौपाल ब्यूरो
गंगोह। गंगोह-रामपुर मार्ग पर शीतल प्रसाद कोल्ड स्टोर के समीप सार्वजनिक निर्माण विभाग की सड़क के किनारे कथित रूप से सड़ा हुआ आलू डाले जाने से आसपास के लोगों को दुर्गंध और प्रदूषण का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि सड़े आलू से उठ रही तेज दुर्गंध के कारण मार्ग से गुजरना मुश्किल हो गया है। मामले में उपजिलाधिकारी और प्रदूषण विभाग से कोल्ड स्टोर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
बताया गया कि सड़क किनारे बड़ी मात्रा में सड़ा हुआ आलू पड़ा होने के कारण आसपास का वातावरण प्रभावित हो रहा है। इस मार्ग से शोभित विश्वविद्यालय जाने वाले हजारों छात्र-छात्राओं के अलावा दर्जनों गांवों के ग्रामीण प्रतिदिन आवागमन करते हैं। सुबह के समय बड़ी संख्या में नगरवासी मॉर्निंग वॉक के लिए भी इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। लोगों का कहना है कि जहां वे स्वच्छ वातावरण और शुद्ध हवा की उम्मीद में निकलते हैं, वहीं उन्हें सड़े आलू की दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है।
शोभित विश्वविद्यालय के कई छात्र-छात्राओं ने भी इस समस्या को लेकर नाराजगी जताई है। छात्रों का कहना है कि मार्ग पर फैली दुर्गंध के कारण उन्हें प्रतिदिन परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर समस्या का स्थायी समाधान कराने तथा प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि एक ओर सरकार स्वच्छता को लेकर लगातार अभियान चला रही है और प्रधानमंत्री के ‘एक कदम स्वच्छता की ओर’ संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है, वहीं सड़क किनारे सड़ा हुआ आलू डालने से स्वच्छता अभियान की भावना पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों ने उपजिलाधिकारी एवं प्रदूषण विभाग से मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा सड़क किनारे पड़े सड़े आलू को तत्काल हटवाने की मांग की है।








