अमित कुमार उपाध्याय
सरसावा-चिलकाना । सरसावा क्षेत्र के सोरना स्थित शक्तिपीठ श्री वैष्णो धाम मंदिर से शनिवार को माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए पैदल श्रद्धालुओं का जत्था रवाना हुआ। शाहजहांपुर के समीप एकता जन सेवा समिति सुल्तानपुर-चिलकाना की ओर से यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। समिति पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं को मोतियों की माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। समिति की ओर से सभी श्रद्धालुओं के मंगलमय एवं सुखद यात्रा की कामना की गई।
शक्तिपीठ श्री वैष्णो धाम मंदिर के संस्थापक संजय महाराज ने श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए एकता जन सेवा समिति का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा और उनका सम्मान करना पुण्य का कार्य है।
एकता जन सेवा समिति के अध्यक्ष श्याम कुमार सैनी ने कहा कि धार्मिक यात्राओं पर जाने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत करना समिति के लिए सौभाग्य की बात है। समिति आगे भी इसी प्रकार सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेती रहेगी।








