शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। राधा स्वामी सत्संग ब्यास के हुजूर जसदीप सिंह गिल जी महाराज सोमवार को करीब 12:45 बजे निजी हेलीकॉप्टर से सहारनपुर सत्संग घर पहुंचे। उनके आगमन की सूचना के साथ ही उनकी एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में अनुयायी उत्साहित नजर आए। सत्संग घर में दो दिवसीय कार्यक्रम को लेकर अनुयायियों के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है।
राधा स्वामी सत्संग ब्यास मेजर सेंटर सहारनपुर में 1 और 2 सितंबर को सुबह 9:30 बजे सत्संग कार्यक्रम आयोजित होगा। आयोजकों के अनुसार पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और नेपाल सहित विभिन्न स्थानों से 7 लाख से अधिक अनुयायियों के पहुंचने का अनुमान है।
हुजूर जसदीप सिंह गिल महाराज के आगमन से पहले सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत कर दिया गया। पंजाब सिक्योरिटी और स्थानीय पुलिस बल द्वारा सत्संग घर की सुरक्षा व्यवस्था संभाली गई है। पंडाल में प्रवेश से पहले मोबाइल फोन, कैमरा, टेप रिकॉर्डर सहित प्रतिबंधित सामान निर्धारित काउंटर पर जमा कराने के बाद ही श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जाएगा।
डीएम-एसएसपी ने लिया सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा
कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एडीएम एफ, एसडीएम नकुड़, तहसीलदार सरसावा और थाना प्रभारी ने पुलिस बल के साथ सत्संग घर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था, सुरक्षा जांच, पार्किंग, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सत्संग कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में सेवादारों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। आयोजकों के अनुसार करीब 7 हजार सेवादार यातायात व्यवस्था में जुटे हैं। अंबाला से देहरादून, करनाल, पानीपत, शामली, नकुड़, बिहारीगढ़, छुटमलपुर, रुड़की, हरिद्वार और विकासनगर सहित विभिन्न मार्गों पर सेवादार यातायात संचालन में सहयोग कर रहे हैं।
सहारनपुर और सरसावा रेलवे स्टेशन तथा बस स्टैंड पर भी बाहर से आने वाली संगत के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और नेपाल से आने वाले अनुयायियों को यातायात एवं आवागमन में सुविधा देने के लिए टीमें तैनात की गई हैं।
50 हजार सेवादार संभाल रहे जिम्मेदारी
दो दिवसीय कार्यक्रम की व्यापक व्यवस्थाओं में करीब 50 हजार सेवादार यातायात, सुरक्षा जांच, कैंटीन, लंगर, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं। सत्संग स्थल पर अनुयायियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए व्यवस्थाओं को लगातार दुरुस्त किया जा रहा है।
1 और 2 सितंबर को होंगे प्रमुख कार्यक्रम
1 सितंबर को सुबह 9:30 बजे कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसके बाद हुजूर जसदीप सिंह गिल महाराज बच्चों के प्रश्नों के उत्तर देंगे और संगत को दर्शन देंगे।
2 सितंबर को सुबह 9:30 बजे हुजूर जसदीप सिंह गिल महाराज स्वयं सत्संग करेंगे और संगत को अपने प्रवचनों से निहाल करेंगे। कार्यक्रम को लेकर सत्संग घर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।








