शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने रणधीर सिंह बेनीवाल को सहारनपुर मंडल का मुख्य मंडल प्रभारी नियुक्त किया है। उन्हें मंडल में पार्टी संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नियुक्ति की जानकारी के बाद बसपा कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है।
कार्यकर्ताओं ने मायावती का आभार जताते हुए कहा कि रणधीर सिंह बेनीवाल के लंबे राजनीतिक अनुभव का लाभ संगठन को मिलेगा। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकजुट होकर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटेंगे।
नवनियुक्त मुख्य मंडल प्रभारी रणधीर सिंह बेनीवाल ने अपनी नियुक्ति के लिए बसपा सुप्रीमो मायावती का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मायावती उनकी आदर्श हैं और उनके बताए मार्ग पर चलते हुए पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
रणधीर सिंह बेनीवाल वर्ष 1985 से बसपा में विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी निभाते आ रहे हैं। वह बूथ और सेक्टर स्तर से लेकर नेशनल कोऑर्डिनेटर तक की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वर्ष 2001 और 2006 में पार्षद रहने के साथ वर्ष 2007 में हाउस टैक्स कमेटी के चेयरमैन रहे। वर्ष 2008 में जिला योजना समिति के चेयरमैन और सहारनपुर मेला चेयरमैन की जिम्मेदारी भी संभाली।
वर्ष 2017 में उनकी पुत्रवधू शिखा बेनीवाल पार्षद रहीं। राजनीतिक उतार-चढ़ाव के बावजूद बेनीवाल ने मायावती के प्रति अपनी निष्ठा कायम रखने की बात कही थी। अब पार्टी नेतृत्व द्वारा उन्हें दोबारा महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिए जाने को संगठन में उनके अनुभव और सक्रियता पर भरोसे के तौर पर देखा जा रहा है।








