शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। सोफिया मार्केट स्थित पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट में बड़ी मात्रा में संदिग्ध जाली नोट मिलने के मामले को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने जनपद की सभी सरकारी और निजी बैंकों की करेंसी चेस्टों की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान को ज्ञापन सौंपकर बैंकिंग व्यवस्था में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि मीडिया रिपोर्टों के अनुसार पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट से जाली नोटों की बरामदगी का आंकड़ा करीब 17 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इसके अलावा चार करोड़ रुपये से अधिक की नकदी कम मिलने की बात भी सामने आई है, जिससे व्यापारियों और खाताधारकों में चिंता बढ़ गई है।
व्यापार मंडल ने कहा कि इतनी बड़ी अनियमितता को केवल एक बैंक तक सीमित मानना उचित नहीं होगा। इसलिए जनपद की सभी करेंसी चेस्टों का विशेष ऑडिट, भौतिक सत्यापन और आवश्यकता पड़ने पर एसआईटी अथवा स्वतंत्र एजेंसी से निष्पक्ष जांच कराई जाए
जिलाध्यक्ष शीतल टंडन ने कहा कि बैंकिंग व्यवस्था की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए दोषी अधिकारियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई के साथ करेंसी चेस्टों की सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी और नोट सत्यापन प्रणाली को भी मजबूत किया जाना चाहिए।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिला महामंत्री रमेश अरोड़ा और जिला कोषाध्यक्ष कर्नल संजय मिड्ढा भी शामिल रहे।








