शहरी चौपाल ब्यूरो
नकुड़ (सहारनपुर)। लिफ्ट लेने के बहाने बाइक पर सवार हुए एक व्यक्ति द्वारा बाइक चालक का पर्स चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। पर्स में करीब 10 हजार रुपये की नकदी और जरूरी कागजात बताए जा रहे हैं। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव अध्याना निवासी ऋषिपाल बाइक से अपने गांव जा रहे थे। बताया गया कि कोतवाली से कुछ आगे एक व्यक्ति ने उनसे पूछा कि वह कहां जा रहे हैं। ऋषिपाल ने बताया कि वह अध्याना जा रहे हैं। इस पर उक्त व्यक्ति ने उनसे बाइक पर लिफ्ट ले ली।
ऋषिपाल के अनुसार, अध्याना से आगे मोड़ के पास पहुंचने पर उक्त व्यक्ति ने बाइक रुकवाकर कहा कि उसे यहीं उतरना है। वह बीच रास्ते में उतरकर चला गया। इसके बाद ऋषिपाल गांव पहुंचे तो उन्होंने अपनी जेब देखी, जिसमें रखा पर्स गायब था। पर्स गायब मिलने पर वह घबरा गए।
पीड़ित का आरोप है कि बाइक पर लिफ्ट लेने वाले व्यक्ति ने ही मौका पाकर उनका पर्स चोरी किया है। पर्स में करीब 10 हजार रुपये की नकदी के अलावा कुछ जरूरी कागजात रखे हुए थे। ऋषिपाल ने तत्काल थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाई जा रही है।








