शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) की 35वीं वार्षिक जनरल मीटिंग (एजीएम) का आयोजन एक सितंबर को ग्रेटर नोएडा स्थित द वेडिंग डॉट में संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में भारत सरकार के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान आईआईए सहारनपुर चैप्टर को उसके उल्लेखनीय कार्यों के लिए रक्षामंत्री द्वारा प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
आईआईए सहारनपुर चैप्टर के चेयरमैन एस. कुमार अरोड़ा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एजीएम में सहभागिता की। प्रतिनिधिमंडल में आईआईए के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रामजी सुनेजा, सीईसी सदस्य कृष्ण राजीव सिंघल, पूर्व चैप्टर चेयरमैन अशोक बजाज, के.एल. अरोड़ा, आर.के. धवन, अनूप खन्ना, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतीश अरोड़ा, चैप्टर सचिव अनुज कुमार जैन, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र मोहन कालड़ा, एडवाइजरी बोर्ड सदस्य राजेश सपरा, अशोक छाबड़ा, संदीप कपूर तथा पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र के कन्वीनर शिवम गोयल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
रक्षा क्षेत्र में एमएसएमई की महत्वपूर्ण भूमिका
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आईआईए के आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि देश के डिफेंस सेक्टर की डिफेंस पब्लिक सेक्टर अंडरटेकिंग्स (DPSUs) से लगभग 16 हजार एमएसएमई जुड़ी हुई हैं। यह देश के औद्योगिक और रक्षा क्षेत्र में एमएसएमई की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाता है।
उन्होंने कार्यक्रम की शुरुआत में जल संरक्षण जैसे विषय को प्रमुखता दिए जाने की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि यह उद्यमियों की नई सोच के साथ समाज और प्रकृति के प्रति उनकी जिम्मेदारी को प्रदर्शित करता है। आयोजन में आत्मनिर्भरता, उद्यमिता और विकसित भारत के संकल्प की झलक दिखाई देती है।
रक्षामंत्री ने उत्कृष्ट योगदान और उपलब्धियों के लिए एमएसएमई अवार्ड प्राप्त करने वाले उद्यमियों को बधाई दी। उन्होंने विशेष रूप से महिला उद्यमियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में उद्यम एवं व्यवसाय को आठ गुना बढ़ाने का संकल्प लिया गया है। यह देश के औद्योगिक विकास और विकसित भारत के लक्ष्य को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।
सम्मान से सहारनपुर चैप्टर में उत्साह
आईआईए सहारनपुर चैप्टर के चेयरमैन एस. कुमार अरोड़ा ने कहा कि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के हाथों चैप्टर को मिला सम्मान पूरे सहारनपुर चैप्टर के लिए गौरव का विषय है। यह सम्मान पदाधिकारियों और सदस्यों के सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करने के साथ भविष्य में औद्योगिक विकास एवं एमएसएमई हितों के लिए और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करने की प्रेरणा देगा।
उन्होंने कहा कि आईआईए सहारनपुर चैप्टर उद्योगों से जुड़ी समस्याओं के समाधान, उद्यमियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की औद्योगिक नीतियों एवं योजनाओं का लाभ उद्यमियों तक पहुंचाने के लिए निरंतर सक्रियता से कार्य करता रहेगा।








