जयंत चौधरी की स्वाभिमान रैली में चंदन चौहान की अहम भूमिका, जाट-गुर्जर समीकरण पर सियासी नजर | Saharanpur News

रामपुर मनिहारान की स्वाभिमान रैली में जयंत चौधरी ने किसानों के हित में एनडीए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। संयोजक सांसद चंदन चौहान की अहम भूमिका रही।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सियासत में जाट और गुर्जर समाज के बीच राजनीतिक तालमेल को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच रामपुर मनिहारान में आयोजित स्वाभिमान रैली ने सियासी हलकों का ध्यान खींचा। अखिल भारतीय गुर्जर विद्या प्रचारिणी सभा के तत्वावधान में गोचर कृषि इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित इस रैली में राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय कौशल विकास राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार जयंत चौधरी ने किसानों, युवाओं और छोटे उद्यमियों के मुद्दों को लेकर केंद्र और प्रदेश की एनडीए सरकारों की नीतियां गिनाईं। वहीं रैली के संयोजक एवं बिजनौर सांसद चंदन चौहान की आयोजन में अहम भूमिका रही।

रैली को सफल बनाने के लिए सांसद चंदन चौहान ने क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क किया और पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों तथा समाज के लोगों को रैली से जोड़ने का प्रयास किया। आयोजन की तैयारियों से लेकर मंच संचालन तक चंदन चौहान सक्रिय नजर आए। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को उनके संगठनात्मक प्रयासों से भी जोड़कर देखा जा रहा है। राजनीतिक दृष्टि से रैली को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जाट-गुर्जर समीकरण को मजबूत करने और राष्ट्रीय लोकदल की राजनीतिक पकड़ को प्रदर्शित करने की कवायद माना जा रहा है।

रैली में सांसद चंदन चौहान ने कहा कि किसानों, युवाओं और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने रैली को सफल बनाने में सहयोग देने वाले कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और क्षेत्र की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और जनता के विश्वास के दम पर राष्ट्रीय लोकदल लगातार आगे बढ़ रहा है। चंदन चौहान ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता के बीच सक्रियता बढ़ाने का आह्वान भी किया।

किसानों के हित को बताया रालोद की प्राथमिकता

रैली को संबोधित करते हुए जयंत चौधरी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की एनडीए सरकारें किसानों के हित में काम कर रही हैं। किसानों का विकास राष्ट्रीय लोकदल की प्राथमिकता है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में फिर एनडीए की सरकार बनने का दावा किया। जयंत चौधरी ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह के किसानों के लिए किए गए कार्यों को याद करते हुए कहा कि दोनों नेताओं ने किसान हितों को हमेशा राजनीति के केंद्र में रखा।

उन्होंने कहा कि चौधरी अजित सिंह ने गन्ने से एथेनॉल बनाने की दिशा में पहल की थी। आज जब मक्का, चावल और गन्ने जैसे कृषि उत्पादों से एथेनॉल बनाया जा रहा है तो इसका सीधा लाभ किसानों को मिल सकता है। उन्होंने कहा कि देश विकास के महत्वपूर्ण दौर से गुजर रहा है और केंद्र तथा प्रदेश सरकार की कोशिश छोटे किसानों और उद्यमियों को आगे बढ़ाने की है।

गोचर कॉलेज में स्टेडियम के लिए सांसद निधि

जयंत चौधरी ने गोचर कृषि इंटर कॉलेज में स्टेडियम निर्माण के लिए अपनी एक वर्ष की सांसद निधि देने की घोषणा की। घोषणा के बाद रैली में मौजूद लोगों ने इसका स्वागत किया। इससे पहले जयंत चौधरी की पत्नी श्रीमती चारु चौधरी ने सांसद चंदन चौहान की दादी स्वर्गीय श्रीमती जगवती देवी की स्मृति में ‘श्रीमती जगवती देवी स्मृति सभागार’ का शिलान्यास किया।

श्रीमती चारु चौधरी ने कहा कि किसी को भी किसी का अपमान करने का अधिकार नहीं है। लोकतंत्र में जीत-हार का फैसला जनता करती है। उन्होंने अपने पति पर गर्व जताते हुए मतदाताओं से गठबंधन प्रत्याशियों को समर्थन देने की अपील की।

बड़ी संख्या में नेता और पदाधिकारी रहे मौजूद

रैली की अध्यक्षता पूर्व जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष एवं सभा के संरक्षक चौधरी भूपेंद्र सिंह ने की। रैली का संचालन सांसद चंदन चौहान और बिट्टू नंबरदार ने किया। सभा के अध्यक्ष देवेंद्र चौधरी, भोला चौधरी, शिखा चौधरी और गोचर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ओंकार सिंह ने जयंत चौधरी को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

रैली में पूर्व खादी आयोग अध्यक्ष यशवीर सिंह, राष्ट्रीय महासचिव केसी त्यागी, पूर्व सांसद मलूक नागर, त्रिलोक त्यागी, पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी, गोचर कृषि इंटर कॉलेज के प्रबंधक अमित चौधरी, कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, विधायक राजपाल बालियान, देवेंद्र निम, प्रसन्न चौधरी, अजय कुमार, मुकेश चौधरी, किरत सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत राणा और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रमा नागर सहित अनेक नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

अखिल भारतीय गुर्जर विद्या प्रचारिणी सभा के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, सचिव एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी तेज सिंह तथा गोचर कृषि इंटर कॉलेज के प्रबंधक अमित चौधरी सहित सभा के पदाधिकारियों ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई। गोचर महाविद्यालय, गोचर कृषि इंटर कॉलेज, सरदार पटेल कन्या इंटर कॉलेज और गोचर इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट से जुड़े पदाधिकारी भी आयोजन में मौजूद रहे।

रैली के माध्यम से जहां रालोद ने किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े मुद्दों को उठाया, वहीं चंदन चौहान की संयोजक के रूप में सक्रियता ने उनके संगठनात्मक प्रभाव को भी सामने रखा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में जाट और गुर्जर मतदाताओं की भूमिका को देखते हुए इस आयोजन के राजनीतिक संदेश को आगामी विधानसभा चुनाव के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य