Saharanpur News: कलेक्ट्रेट में मस्जिद तोड़े जाने की अफवाह से हड़कंप, डीएम ने बताया- केवल सील की गई है मस्जिद

सहारनपुर कलेक्ट्रेट में मस्जिद तोड़े जाने की अफवाह से हड़कंप मच गया। डीएम ने स्पष्ट किया कि मस्जिद केवल सील की गई है, तोड़ने की कोई कार्रवाई नहीं हो रही। उमर अली खान, आशु मलिक और चंद्रशेखर आजाद ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पर्व पर जब शहर और जिले के लोग भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में जुटे हुए थे, उसी दौरान सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित मस्जिद को तोड़े जाने की अफवाह ने अचानक पूरे जिले में हलचल पैदा कर दी। सोशल मीडिया और आपसी चर्चाओं के माध्यम से यह बात तेजी से फैलने लगी कि कलेक्ट्रेट परिसर में मस्जिद को गिराने की कार्रवाई की जा रही है। अफवाह फैलने के बाद लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं और राजनीतिक नेताओं के फोन भी घनघनाने लगे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए समाजवादी पार्टी के विधायक उमर अली खान, विधायक आशु मलिक तथा नगीना के सांसद चंद्रशेखर आजाद ने सहारनपुर के जिलाधिकारी से फोन पर बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। जिलाधिकारी की ओर से स्पष्ट किया गया कि कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद को केवल सील किया गया है। उसे तोड़ने की कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है और न ही ऐसी कोई प्रक्रिया चल रही है।

प्रशासन से मिली इस जानकारी के बाद जनप्रतिनिधियों ने भी लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की। नेताओं ने स्पष्ट किया कि मस्जिद को गिराए जाने की बात सही नहीं है और लोगों को बिना पुष्टि किसी भी तरह की सूचना पर विश्वास नहीं करना चाहिए।

इससे पहले पूर्व सांसद हाजी फजलुर रहमान की ओर से जारी किए गए एक वीडियो संदेश के बाद भी इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया था। वीडियो संदेश में उन्होंने प्रशासन से जल्दबाजी में कोई कार्रवाई नहीं करने और शहर में अमन-चैन बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि मस्जिद को खाली कराने के संबंध में पूर्व में नगर मजिस्ट्रेट से आदेश जारी होने की बात सामने आई थी, जिसके खिलाफ न्यायालय का रुख किया गया था। जिला न्यायालय से कोई राहत न मिलने के बाद हमारे पास अभी 22 दिन बाकी है वीडियो संदेश के बाद शहर में अलग-अलग तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

इसी दौरान अफवाहों ने और जोर पकड़ लिया। कुछ लोगों के बीच यह चर्चा फैल गई कि कलेक्ट्रेट परिसर के अंदर बुलडोजर पहुंच चुका है और मस्जिद को गिराने की कार्रवाई शुरू होने वाली है। इस तरह की चर्चाओं के बाद समाजवादी पार्टी के स्थानीय नेताओं और जनप्रतिनिधियों के पास लगातार फोन पहुंचने लगे। स्थिति की वास्तविक जानकारी लेने के लिए विधायक उमर अली खान और आशु मलिक के साथ नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने भी जिलाधिकारी से संपर्क किया।

जिलाधिकारी से बातचीत के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो गई कि मस्जिद को सील किया गया है, उसे तोड़ा नहीं जा रहा है। इसके बाद नेताओं की ओर से वीडियो संदेश जारी कर लोगों से संयम बरतने की अपील की गई। विधायक आशु मलिक और उमर अली खान ने लोगों से कहा कि वे किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें और प्रशासन की ओर से दी गई आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें।

नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने भी लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि वे सहारनपुर आकर जिलाधिकारी से स्वयं मुलाकात करेंगे और पूरे मामले की जानकारी लेंगे। उनके इस बयान के बाद भी शहर में मामले को लेकर चर्चाओं का दौर जारी रहा।

जन्माष्टमी के पर्व के बीच सामने आई इस अफवाह ने प्रशासन और राजनीतिक हलकों में भी चिंता पैदा कर दी। हालांकि जिलाधिकारी से बातचीत के बाद मस्जिद को तोड़े जाने की बात को लेकर स्थिति स्पष्ट हो गई। प्रशासन की ओर से बताया गया कि कार्रवाई केवल सील करने तक सीमित है।

ऐसे संवेदनशील मामलों में किसी भी अपुष्ट सूचना के तेजी से फैलने से सामाजिक माहौल प्रभावित हो सकता है। इसलिए जरूरी है कि किसी भी संदेश, वीडियो या मौखिक चर्चा को आगे बढ़ाने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि की जाए। विशेष रूप से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली सूचनाओं को बिना आधिकारिक पुष्टि के साझा करने से बचना चाहिए।

शहरी चौपाल’ जिले की जनता से अपील करता है कि कलेक्ट्रेट परिसर में मस्जिद तोड़े जाने से संबंधित किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। जिलाधिकारी से हुई बातचीत में स्पष्ट किया गया है कि मस्जिद को केवल सील किया गया है और उसे तोड़े जाने की कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। जिले में अमन-चैन और आपसी भाईचारा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य