शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को नए बाजार और बड़े खरीदारों से जोड़ने के उद्देश्य से 7 एवं 8 सितंबर को दो दिवसीय विक्रेता विकास कार्यक्रम-2026 सह-औद्योगिक प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन एमएसएमई-विकास कार्यालय, आगरा, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार तथा इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) सहारनपुर चैप्टर के संयुक्त सहयोग से रंगोली गार्डन, होटल दि ओएसिस के सामने, दिल्ली रोड पर किया जाएगा।
कार्यक्रम को लेकर शनिवार को रंगोली गार्डन में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। चैप्टर चेयरमैन एस. कुमार अरोड़ा ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्घाटन 7 सितंबर को मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार एवं जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान द्वारा किया जाएगा। वहीं 8 सितंबर को समापन समारोह प्रदेश के कैबिनेट मंत्री, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग भूपेन्द्र सिंह चौधरी तथा राज्य मंत्री, औद्योगिक विकास जसवंत सैनी की मौजूदगी में होगा।
कार्यक्रम कन्वीनर आरके धवन ने बताया कि वर्ष 2015 के बाद वर्ष 2026 में सहारनपुर में दोबारा इस प्रकार के कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने इसे स्थानीय उद्योगों के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य उद्यमियों को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपने उत्पादों को केंद्रीय मंत्रालयों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, बड़े औद्योगिक घरानों एवं निजी संस्थानों के समक्ष प्रदर्शित कर सकें और नए व्यापारिक संबंध स्थापित कर सकें।
चैप्टर सचिव अनुज कुमार जैन ने बताया कि प्रदर्शनी में करीब 50 स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें रेल मंत्रालय, आरसीएफ, इंडियन ऑयल, एनटीपीसी, बीएचईएल, आरडीएफओ, डीएलडब्ल्यू, जीईएम, एनएसआईसी, गेल, सिडबी सहित विभिन्न सरकारी उपक्रमों एवं वित्तीय संस्थानों की सहभागिता रहेगी। इसके अलावा इंजीनियरिंग, खाद्य प्रसंस्करण, होजरी, खादी, आयुर्वेद एवं पैकेजिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों की औद्योगिक इकाइयां भी अपने उत्पाद प्रदर्शित करेंगी।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतीश अरोड़ा ने जनपद के उद्यमियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय उद्योगों को नए खरीदारों से जोड़ना और उन्हें बड़े संस्थानों की सप्लाई चेन का हिस्सा बनाना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। इससे स्थानीय इकाइयों को नए व्यापारिक अवसर मिलने की उम्मीद है।








