Saharanpur News: शिक्षक सम्मान समारोह में 61 शिक्षक सम्मानित, प्रशस्ति-पत्र और मोमेंटो देकर बढ़ाया सम्मान

सहारनपुर में शिक्षक दिवस पर विकास भवन सभागार में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित हुआ। शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 61 शिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से शनिवार को विकास भवन सभागार में शिक्षक सम्मान समारोह का गरिमापूर्ण एवं भव्य आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं सराहनीय योगदान देने वाले 61 शिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में गोरखपुर में आयोजित शिक्षक दिवस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों ने देखा।

कार्यक्रम का उद्घाटन महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह, नगर विधायक राजीव गुंबर, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान तथा मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन ने किया। समारोह में बेसिक शिक्षा विभाग के 39 तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग के 22 शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

सम्मानित होने वाले शिक्षकों में प्राथमिक विद्यालय बिहारीगढ़ की शिक्षिका शिल्पी उपाध्याय, प्राथमिक विद्यालय गणेशपुर नंबर-2 की डॉ. अनु चौधरी, उच्च प्राथमिक विद्यालय कुतुबपुर लबड़ोला विकासखंड नांगल के कृपाल मलिक, एआरपी संजय कुमार विकासखंड रामपुर, एसआरजी सरफराज आलम, पीएम श्री विद्यालय जड़ौदा जट विकासखंड देवबंद के वरुण कुमार, विकासखंड बलियाखेड़ी के स्पेशल एजुकेटर शशिकांत प्रसाद सिंह तथा विकासखंड पुवारका की शिक्षिका मीनू सहित अन्य शिक्षक शामिल रहे।

मुख्य अतिथि महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। उन्होंने शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षकों का मार्गदर्शन मिलने से कठिन से कठिन कार्य भी सफल हो जाते हैं। उन्होंने कहा, “आप सभी शिक्षकों के दर्शन करना ऐसा है जैसे चारों धाम के दर्शन कर लिए हों।” महापौर ने कहा कि शिक्षक समाज के चरित्र एवं भविष्य का निर्माण करते हैं। उन्होंने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के शिक्षक जीवन से जुड़े प्रेरणादायी प्रसंग भी साझा किए।

नगर विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि पांच सितंबर को महान शिक्षाविद् एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के रूप में शिक्षक दिवस मनाया जाता है। उन्होंने अपने शिक्षक ओपी त्यागी को भावपूर्ण स्मरण करते हुए नमन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को जीवन की सही दिशा देने के साथ ही राष्ट्र के भविष्य को गढ़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।

जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान नहीं करता, बल्कि पीढ़ियों का निर्माण करता है। शिक्षकों के योगदान से राष्ट्र के भविष्य की नींव मजबूत होती है। उन्होंने सम्मानित शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके समर्पण और शैक्षिक योगदान की सराहना की।

इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक जय करन यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कुं. कोमल, खंड शिक्षा अधिकारी सुरेश त्यागी, जिला समन्वयक अरविंद कुमार सिंह, एसआर कपिल दुआ, सरफराज आलम, अमित शर्मा, रविंद्र पंवार, पूनम तनेजा, मनमोहन शर्मा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य