शहरी चौपाल ब्यूरो
बेहट। गांव हुसैनपुर स्थित बाला देवी जूनियर हाईस्कूल में शनिवार को शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ केक काटकर किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक योगेश चौधरी ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उन्हें अच्छे संस्कार और सही दिशा भी प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा शिक्षकों का सम्मान करना उनके संस्कारों को दर्शाता है। प्रधानाचार्या पंकज देवी ने कहा शिक्षक दिवस विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच सम्मान एवं आत्मीयता का प्रतीक है। शिक्षकों का दायित्व है कि वे प्रत्येक विद्यार्थी की प्रतिभा को पहचानकर उसे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों के बताए मार्ग पर चलकर अपने जीवन में सफलता हासिल करने का आह्वान किया। उपप्रधानाचार्य सचिन कुमार ने कहा कि एक शिक्षक विद्यार्थी के जीवन को नई दिशा देने का कार्य करता है। शिक्षक के मार्गदर्शन से विद्यार्थी अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के साथ-साथ एक जिम्मेदार नागरिक भी बनता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और अच्छे संस्कारों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं अशोक कुमार, रेनू धीमान, दीपा, सुमित कुमार, अंजली सहगल, छाया सहगल, चांदनी, पारुल, रुचि, मीना, सपना एवं शिवानी को छात्र-छात्राओं द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। शिक्षकों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अलीशान मलिक, जस्टिस चौधरी, शोयब रावत, मांगी देवी, सुनैना, कामना कश्यप, तनु सहगल, मुस्कान कश्यप, खुशी, वर्तिका सहगल, पीहू चौधरी, अंतिम चौधरी, रिया चौधरी, जिया, हुमैरा, नाइस, निशा आदि छात्र छात्राएं मौजूद रहे।








