शहरी चौपाल ब्यूरो
गंगोह। ट्रैफिक पुलिस ने रविवार को नानौता चौक पर चेकिंग अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले एक दर्जन से अधिक वाहनों के चालान किए। अभियान के दौरान पुलिस ने वाहनों को रोककर उनके जरूरी दस्तावेजों और यातायात नियमों के पालन की जांच की।
चेकिंग के दौरान बिना जरूरी कागजात के संचालित हो रहे डंपरों और अन्य वाहनों को भी रोककर जांच की गई। पुलिस ने वाहन चालकों से ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन, बीमा सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा। दस्तावेजों में कमी अथवा यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहनों के चालान किए गए।
ट्रैफिक इंचार्ज धीरज शर्मा ने बताया कि चेकिंग अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ सड़क हादसों की रोकथाम करना है। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
कोतवाली प्रभारी इंद्रेश कुमार चौहान ने बताया कि अभियान के दौरान एक दर्जन से अधिक वाहनों के चालान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान ट्रैफिक इंस्पेक्टर धीरज शर्मा, कांस्टेबल विनीत कुमार सहित कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे।








