लखनऊ। सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित करीब 120 साल पुरानी मस्जिद के ध्वस्तीकरण को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। मामले की जमीनी हकीकत जानने सहारनपुर जा रहे उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय को सोमवार को लखनऊ पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से हिरासत में ले लिया। पुलिस ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए उन्हें पुलिस लाइन भेज दिया।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल सहारनपुर जाने की तैयारी में था। कांग्रेस मुख्यालय से प्रतिनिधिमंडल के निकलते ही पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। पुलिस द्वारा रोके जाने के विरोध में अजय राय मुख्य द्वार पर ही सड़क पर धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि वह हर हाल में सहारनपुर जाएंगे और वहां प्रभावित लोगों की आवाज उठाएंगे।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। पुलिस ने अजय राय को हिरासत में लेने का प्रयास किया तो कार्यकर्ताओं ने पुलिस वाहन को घेरकर उन्हें छुड़ाने की कोशिश की। बाद में पुलिसकर्मियों ने उन्हें वाहन में बैठाकर भारी सुरक्षा के बीच पुलिस लाइन पहुंचाया। कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
हिरासत में लिए जाने से पहले अजय राय ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस अन्याय और दमन के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि अल्पसंख्यकों और मुसलमानों पर अत्याचार के खिलाफ कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता मजबूती से आवाज उठाएगा। उन्होंने सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने का भी दावा किया।
क्या है मस्जिद ध्वस्तीकरण विवाद
सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित पुरानी मस्जिद को जिला प्रशासन ने सरकारी भूमि पर अनधिकृत निर्माण बताया था। शनिवार तड़के भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई करते हुए मस्जिद को ध्वस्त कर दिया। प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई उच्च न्यायालय के निर्देशों और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है।
वहीं कांग्रेस, समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला बताया है। विपक्ष का आरोप है कि प्रशासन ने एकतरफा कार्रवाई की है। मस्जिद प्रकरण को लेकर आने वाले दिनों में प्रदेश की सियासत और गरमाने के आसार हैं।








