शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। होली का पर्व नजदीक आते ही रेल यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है। इसे देखते हुए रेलवे प्रशासन ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। सहारनपुर रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन अप-डाउन मिलाकर लगभग 153 ट्रेनों का संचालन होता है, जिनमें 35 हजार से अधिक यात्री सफर करते हैं। त्योहार के मद्देनजर भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक कार्ययोजना लागू की गई है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस बार स्टेशन पर अंतिम समय में ट्रेनों के प्लेटफार्म नहीं बदले जाएंगे। अक्सर प्लेटफार्म परिवर्तन से यात्रियों में अफरा-तफरी और भगदड़ की स्थिति बन जाती है। नई व्यवस्था के तहत ट्रेनों के निर्धारित प्लेटफार्म पर ही संचालन सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे भीड़ नियंत्रण में मदद मिलेगी।
ट्रेनों में बढ़ी वेटिंग, कई में ‘नो रूम’
होली को लेकर सहारनपुर से पूर्वांचल, बिहार और दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ी है। कई ट्रेनों में वेटिंग 50 के पार पहुंच चुकी है, जबकि कुछ प्रमुख ट्रेनों में ‘नो रूम’ की स्थिति बन गई है। बढ़ती मांग को देखते हुए अंबाला मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी स्टेशनों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के साथ किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।
अतिरिक्त सुरक्षा बल और निगरानी
स्टेशन परिसर में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आरपीएफ और रेलकर्मियों की अतिरिक्त तैनाती की जाएगी। फुट ओवरब्रिज पर अनावश्यक भीड़ न जमा हो, इसके लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी। ज्वलनशील पदार्थ ले जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

यात्रियों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क सक्रिय रहेंगे। पीने के पानी की समुचित व्यवस्था, साफ-सफाई और वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सुविधाओं को चाक-चौबंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।
25 फरवरी से चलेंगी होली स्पेशल ट्रेनें
रेलवे ने यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए 25 फरवरी से होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू करने की घोषणा की है। ये विशेष ट्रेनें Firozpur Cantonment से Danapur तथा Amritsar से Katihar के बीच संचालित होंगी। इनका संचालन सात मार्च तक किया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इन स्पेशल ट्रेनों के संचालन से पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। टिकट बुकिंग भी शुरू हो चुकी है और यात्रियों से समय रहते आरक्षण कराने की अपील की गई है।

रेलवे प्रशासन का दावा है कि इस बार होली के अवसर पर सुरक्षा, सुविधा और व्यवस्था के लिहाज से विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि यात्री सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव कर सकें।








