शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। संपूर्ण उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के तत्वावधान में आगामी 6 अक्टूबर, मंगलवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित मर्करी ऑडिटोरियम में भव्य प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। पहले यह सम्मेलन 4 अक्टूबर को प्रस्तावित था, जिसे अब 6 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा।
सम्मेलन को लेकर संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला अध्यक्ष जयवीर राणा ने सहारनपुर जिला कार्यालय से बयान जारी कर जनपद की सभी तहसील, नगर एवं स्थानीय इकाइयों के पदाधिकारियों तथा व्यापारी साथियों से सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया है।
जयवीर राणा ने कहा कि यह सम्मेलन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेशभर के व्यापारियों की एकता, संगठन की मजबूती और व्यापारी हितों की सामूहिक आवाज को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि सहारनपुर जनपद की सभी इकाइयां अपनी-अपनी टीम के साथ लखनऊ पहुंचकर सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि व्यापारी की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता है और संगठन की मजबूती उसकी सक्रिय इकाइयों से होती है। ऐसे में प्रत्येक इकाई अपने पदाधिकारियों और व्यापारी साथियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करे, ताकि प्रदेश स्तर पर व्यापारियों की एक मजबूत और प्रभावी आवाज सामने रखी जा सके।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि सम्मेलन के माध्यम से व्यापारियों को संगठन के साथ मजबूती से जोड़ने और व्यापारी हितों से जुड़े विषयों पर सामूहिक रूप से विचार-विमर्श करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने जिले के व्यापारियों से सम्मेलन में शामिल होकर संगठन की एकजुटता का परिचय देने की अपील की।
जयवीर राणा ने सभी पदाधिकारियों और व्यापारियों का आह्वान करते हुए कहा, “6 अक्टूबर को लखनऊ चलें, व्यापारी एकता का परिचय दें और अपने संगठन को मजबूत करें।”
उन्होंने कहा कि सहारनपुर की सभी इकाइयां पूरी ताकत के साथ सम्मेलन में भागीदारी करें, जिससे जनपद की प्रभावी उपस्थिति दर्ज हो सके।








