श्रवण शर्मा
गंगोह। किशोरी से अपराध और वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने के आरोप में दर्ज मुकदमे में पुलिस ने नामजद दो आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी तथ्यों और लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, किशोरी के परिजनों ने चार सितंबर को गांव बीराखेड़ी निवासी सगे भाइयों बादल और सावन के खिलाफ तहरीर दी थी। आरोप है कि बादल ने इंस्टाग्राम के माध्यम से किशोरी से संपर्क बढ़ाया और बाद में उसे फाइव स्टार कैफे ले गया, जहां उसके साथ गलत व्यवहार करने तथा वीडियो बनाए जाने का आरोप लगाया गया। परिजनों का आरोप है कि वीडियो के जरिए किशोरी को धमकाकर ब्लैकमेल किया गया। तहरीर में बादल के भाई सावन पर भी किशोरी के साथ गलत व्यवहार करने का आरोप लगाया गया है।
परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1), 351(3) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस आरोपों की जांच के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर छह सितंबर को पीड़ित परिवार के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं और नगरवासी कोतवाली पहुंचे थे। प्रदर्शनकारियों ने दोनों आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की थी। इसके साथ ही उस कैफे की भूमिका की भी जांच कराने की मांग उठाई गई थी, जहां घटना होने का आरोप लगाया गया है।
कोतवाली प्रभारी इंद्रेश कुमार चौहान ने बताया कि पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बादल निवासी बीराखेड़ी को सीएचसी के पास से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। उन्होंने बताया कि दूसरे आरोपी सावन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








