शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की करेंसी चेस्ट में 17.29 करोड़ रुपये की संदिग्ध/जाली करेंसी मिलने के मामले में अब एक कर्मचारी के लापता होने से मामला और गंभीर हो गया है। करेंसी चेस्ट में ड्राइवर के पद पर कार्यरत ज्ञानागढ़ निवासी आदर्श पांच सितंबर से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता है। उसके पिता शिवप्रसाद ने जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर तीन लोगों पर बेटे के अपहरण की आशंका जताई है। शिकायत में एक बैंककर्मी पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
शिवप्रसाद के मुताबिक उनका बेटा पिछले करीब चार-पांच वर्षों से करेंसी चेस्ट में ड्राइवर के रूप में काम कर रहा था। उसकी जिम्मेदारी करेंसी चेस्ट से विभिन्न बैंक शाखाओं तक नकदी पहुंचाने वाले वाहन को चलाने की थी। पांच सितंबर की दोपहर आदर्श के पास उसके साथ काम करने वाले एक कर्मचारी का फोन आया। कथित तौर पर उसने आदर्श से कहा कि अधिकारी उसे बुला रहे हैं। इसके बाद आदर्श घर नहीं लौटा। उसका मोबाइल फोन भी बंद है। परिजनों ने कई स्थानों पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
बैंककर्मी पर गबन से जुड़े होने का आरोप
आदर्श के पिता ने आरोप लगाया है कि उसके अपहरण की वजह करेंसी चेस्ट में हुई कथित वित्तीय गड़बड़ी से जुड़ी हो सकती है। उनका दावा है कि मामले में एक बैंककर्मी की भूमिका संदिग्ध है और आशंका है कि आदर्श को इसलिए रास्ते से हटाया गया, ताकि वह कथित गबन में शामिल लोगों के नाम उजागर न कर सके।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि उक्त बैंककर्मी ने जुलाई में आदर्श के नाम पर 4.90 लाख और 2.70 लाख रुपये की दो बाइक खरीदी थीं। इसके अलावा दो दुकान और दो प्लॉट भी आदर्श के नाम पर खरीदे जाने का दावा किया गया है। पिता का आरोप है कि इन संपत्तियों और वाहनों का इस्तेमाल संबंधित बैंककर्मी कर रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि इनकी खरीद में इस्तेमाल धन कथित गबन की रकम से जुड़ा हो सकता है।
लापता होने के बाद घर पहुंचे बैंककर्मी के परिजन
शिवप्रसाद का कहना है कि आदर्श के गायब होने के कुछ ही घंटे बाद आरोपित बताए जा रहे बैंककर्मी के परिवार के सदस्य और एक अन्य व्यक्ति उनके घर पहुंचे। उन्होंने आदर्श के बारे में पूछताछ की। पिता के अनुसार, इस घटनाक्रम से उन्हें बेटे के साथ किसी अनहोनी की आशंका और प्रबल हुई।
दो माह पहले बैंक अधिकारियों को जानकारी देने का दावा
शिकायतकर्ता ने यह भी दावा किया कि आदर्श ने करीब दो माह पहले करेंसी चेस्ट में चल रही कथित गड़बड़ी की जानकारी बैंक अधिकारियों को दी थी। आरोप है कि उसे मामले से दूर रहने और चुप रहने के लिए कहा गया था। हालांकि इन आरोपों की अभी पुलिस जांच कर रही है और उनकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
शिवप्रसाद ने पुलिस से बेटे का पता लगाने और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि उनके बेटे की भी किसी तरह की भूमिका सामने आती है तो वह जांच का सामना करने के लिए तैयार हैं, लेकिन पहले यह पता लगाया जाए कि वह कहां है और उसके साथ क्या हुआ।
पिता ने यह आरोप भी लगाया कि उनकी मूल शिकायत के बजाय पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की है। वहीं पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच कराई जा रही है।
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। संबंधित थाना पुलिस को जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








