कलेक्ट्रेट परिसर में लौटे सामान्य हालात, बढ़ा लोगों का आवागमन

मस्जिद प्रकरण के बाद सुरक्षा व्यवस्था अब भी कड़ी, मुख्य द्वार को छोड़ सभी प्रवेश द्वारों पर पुलिस बल तैनात

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद प्रकरण के बाद अब हालात सामान्य दिखाई देने लगे हैं। कलेक्ट्रेट परिसर में रोजमर्रा के कामकाज पहले की तरह शुरू हो गए हैं और लोगों का आवागमन भी सामान्य दिनों की तरह बढ़ गया है। हालांकि सुरक्षा के दृष्टिगत प्रशासन ने परिसर और महानगर के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती बरकरार रखी है। विगत 4 सितंबर को न्यायालय के आदेश के बाद कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद को हटाया गया था। इसके बाद कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल की स्थिति बनी थी। हालांकि जिला प्रशासन और पुलिस की सतर्कता तथा सूझबूझ के चलते जिले में कहीं भी कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी किए जाने के बाद अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में और सामान्य बनी हुई है। कलेक्ट्रेट परिसर में लोग अपने रोजमर्रा के कार्यों के लिए पहुंच रहे हैं। विभिन्न विभागों में कामकाज भी पूर्व की भांति संचालित हो रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार को छोड़कर अन्य प्रवेश द्वारों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही विवादित स्थल पर भी पुलिस का पहरा लगाया गया है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। कलेक्ट्रेट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस के साथ अर्धसैनिक बल को भी तैनात किया गया है। सुरक्षा कर्मी परिसर में आने-जाने वाले लोगों पर नजर रख रहे हैं। वहीं शहर के संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में भी पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। दंगा नियंत्रण वाहन और वज्र वाहन भी संवेदनशील स्थानों पर तैनात किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार स्थिति की निगरानी की जा रही है। प्रशासन की ओर से सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर प्रसारित होने वाली सूचनाओं पर भी नजर रखी जा रही है, ताकि किसी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना से माहौल प्रभावित न हो। अधिकारियों ने लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और बिना पुष्टि के किसी सूचना को आगे प्रसारित न करें। प्रशासन ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और सभी नागरिक आपसी भाईचारा एवं सौहार्द्र बनाए रखने में सहयोग करें।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य