अमित कुमार उपाध्याय
चिलकाना। थाना परिसर में गुरुवार को थानाध्यक्ष अक्षय कुमार शर्मा की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना क्षेत्र के वर्तमान एवं पूर्व ग्राम प्रधानों तथा समाज के संभ्रांत एवं मौजिज लोगों ने भाग लिया। बैठक में क्षेत्र की शांति एवं कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चा करते हुए सभी से आपसी सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई।
थानाध्यक्ष ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और न ही बिना पुष्टि के किसी सूचना को आगे बढ़ाएं। उन्होंने ग्राम प्रधानों एवं संभ्रांत नागरिकों से अपने-अपने क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
बैठक में क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार और नशीले पदार्थों की बिक्री को लेकर भी चर्चा हुई। थानाध्यक्ष ने आमजन से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार किया जा रहा है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
थानाध्यक्ष अक्षय कुमार शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अवैध नशे के कारोबार की सूचना मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।








