रिपोर्ट : फैय्याज अली आबदी
नानौता। कलक्ट्रेट मस्जिद प्रकरण के बाद शुक्रवार की जुमे की नमाज को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से नानौता थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी विकास चारण ने की। इसमें नगर और क्षेत्र की विभिन्न मस्जिदों के पेश इमाम एवं मुतवल्ली मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी विकास चारण ने सभी से क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया अथवा किसी भी माध्यम से ऐसा कोई संदेश या प्रचार-प्रसार न किया जाए, जिससे लोगों के बीच भ्रम या तनाव की स्थिति उत्पन्न हो।
उन्होंने कहा कि जुमे की नमाज के दौरान भी सभी लोग संयम बनाए रखें और सोशल मीडिया पर किसी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने से बचें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अफवाह फैलाने अथवा भ्रामक प्रचार करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी ने इमामों और मुतवल्लियों से भी अपील की कि वे लोगों को शांति, भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश दें। बैठक में मौजूद लोगों ने पुलिस प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाते हुए क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने की बात कही।
पुलिस ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने और किसी सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस-प्रशासन से संपर्क करने की अपील की।








