शहरी चौपाल ब्यूरो
गंगोह। मोहल्ला टांकान में 17 अगस्त को हुई मारपीट की घटना के मामले में पीड़ित ने अब दूसरे व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित आशू ने कोतवाली में तहरीर देकर पुलिस से मामले में आगे कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
आशू के अनुसार 17 अगस्त की शाम उसके घर के सामने दो लोगों के बीच विवाद की स्थिति बनी थी। इसी दौरान हुए विवाद में पेंचकस लगने से उसके सिर के पास चोट आई थी। घटना के बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। आशू की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज की थी।
पीड़ित ने अब दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि घटना के बाद उस पर समझौते के लिए दबाव बनाया जा रहा है। साथ ही दूसरे मामले में फंसाने की बात कहकर दबाव बनाने का भी आरोप लगाया गया है। आशू ने पुलिस से घटना में शामिल दूसरे व्यक्ति की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर उसके खिलाफ भी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
पुलिस के अनुसार मामले में एक आरोपी टिंकू को गिरफ्तार किया जा चुका है। कोतवाली प्रभारी इंद्रेश कुमार चौहान ने बताया कि दूसरे व्यक्ति के संबंध में फिलहाल गिरफ्तारी की धारा नहीं लगी है। पुलिस उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








