शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। माँ शाकुम्भरी विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ जूलॉजी विभाग द्वारा छात्राओं के स्वास्थ्य एवं सुरक्षित भविष्य को ध्यान में रखते हुए आज एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 70 छात्राओं का एचपीवी टीकाकरण किया गया। शिविर का शुभारंभ माँ शाकुम्भरी विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति प्रो. बिमला बाई द्वारा किया गया। कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा अधिकारी के नेतृत्व में तथा सीएचसी के चिकित्सक डॉ. अनिल के संरक्षण में संपन्न हुआ। टीकाकरण के लिए सीएचसी पुवारका से चिकित्सा टीम विश्वविद्यालय पहुँची और छात्राओं को एचपीवी का टीका लगाया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि छात्राओं के स्वास्थ्य संरक्षण, सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एचपीवी टीकाकरण अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस प्रकार के स्वास्थ्य जागरूकता एवं चिकित्सा शिविर विद्यार्थियों को स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। टीकाकरण अभियान में विश्वविद्यालय के साथ-साथ आसपास के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इनमें आशा मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल, बी.डी. बजोरिया इंटर कॉलेज, मंगल सिंह सरस्वती इंटर कॉलेज, पुवारका, जय भारत इंटर कॉलेज, पुवारका, नवयुग स्कूल, पुवारका, जयपुरिया इंटरनेशनल स्कूल तथा आसाम मॉडल इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शैक्षणिक समन्वयक प्रो. विनोद कुमार, प्रो. सुरेंद्र कुमार सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।








