शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, 10 सितंबर। हकीकत नगर स्थित कैंप कार्यालय पर सामाजिक सेवा समिति के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय लोकदल खेल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय प्रभारी एवं पूर्व राज्यमंत्री चौ. नीरपाल सिंह से मुलाकात कर उनका स्वागत किया। इस दौरान सामाजिक मुद्दों और आपसी भाईचारे को मजबूत करने को लेकर चर्चा हुई।
चौ. नीरपाल सिंह ने कहा कि समाज सेवा और सामाजिक कार्यों से बढ़कर कोई काम नहीं है। समिति के कार्यकर्ताओं द्वारा समय-समय पर किए जा रहे सामाजिक कार्य सराहनीय हैं और इसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि समाज में बढ़ रही दूरियों को आपसी संवाद और भाईचारे के माध्यम से कम करने की जरूरत है। सभी लोग एकजुट रहेंगे तो समाज और अधिक मजबूत होगा।
उन्होंने बताया कि सितंबर माह के अंतिम सप्ताह में सहारनपुर में सामाजिक न्याय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में सामाजिक न्याय से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के साथ कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सम्मेलन को सफल बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
समिति के संयोजक मो. समर ने कहा कि चौ. नीरपाल सिंह से समाज को जोड़ने और आपसी भाईचारा कायम रखने की प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि चौ. नीरपाल लगातार सामाजिक एकता और सद्भाव के लिए कार्य करते रहे हैं।
इस अवसर पर मुकुल चौधरी, मो. आकिब, मुर्तजा सलीम, मिंटू चौधरी, मो. शोएब एडवोकेट, मुमताज प्रधान, फैसल हमीद, प्रवीण सिंह आदि मौजूद रहे।








