शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, । नई दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की पूर्व संध्या पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की जिला इकाई सहारनपुर की ओर से स्थानीय रेलवे रोड पर वैचारिक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में व्यापार मंडल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष शीतल टंडन ने कहा कि भारत की अध्यक्षता में आयोजित होने वाला यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन देश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका और प्रभावशाली कूटनीति का यह परिचायक है।

शीतल टंडन ने कहा कि ब्रिक्स आर्थिक सहयोग, व्यापार, निवेश, तकनीकी साझेदारी और विकास को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण मंच है। बदलते वैश्विक परिवेश में ब्रिक्स संवाद, सहयोग और स्थिरता की दिशा में अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की महान परंपरा ‘अतिथि देवो भवः’ के अनुरूप जिला व्यापार मंडल ब्रिक्स देशों से भारत आने वाले राष्ट्राध्यक्षों, प्रतिनिधियों और अतिथियों का स्वागत करता है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि सम्मेलन आर्थिक सहयोग के साथ विश्व शांति, युद्ध विराम और आपसी विश्वास बढ़ाने की दिशा में सकारात्मक वातावरण तैयार करेगा। उन्होंने कहा कि दुनिया के विभिन्न हिस्सों में चल रहे संघर्षों के बीच प्रमुख देशों के नेताओं का संवाद और सहयोग के माध्यम से शांति का मार्ग प्रशस्त करना पूरी मानवता के लिए महत्वपूर्ण पहल होगी।
उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल स्थानीय और क्षेत्रीय घटनाक्रमों के साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर भी नजर रखता है, क्योंकि इनका सीधा प्रभाव उद्योग और व्यापार जगत पर पड़ता है। उन्होंने नई दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स सम्मेलन की सफलता की सभी व्यापारियों की ओर से कामना की।
गोष्ठी में जिला महामंत्री रमेश अरोड़ा, जिला कोषाध्यक्ष कर्नल संजय मिड्ढा, मेजर एसके सूरी, रमेश डाबर, संदीप सिंघल, संजय माहेश्वरी, अभिषेक भाटिया, मुरली खन्ना, अशोक मलिक सहित व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।








