शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, । उद्योग एवं वाणिज्य मंत्रालय, भारत सरकार के लिए डीपीआईआईटी की ओर से जीआई टैग की लोकप्रियता बढ़ाने के उद्देश्य से तैयार की जा रही फिल्म श्रृंखला ‘मोहर’ की शूटिंग के लिए ऑफ बीट मीडिया कंपनी की करीब 100 सदस्यीय टीम सहारनपुर पहुंची। टीम 11 सितंबर से आठ दिनों तक जिले में फिल्म की शूटिंग करेगी।
फिल्म के मुहूर्त के लिए टीम मोक्षायतन अंतरराष्ट्रीय योग संस्थान पहुंची, जहां प्रोड्यूसर-डायरेक्टर एवं क्रिएटिव हस्ती भव्यनिधि शर्मा और मेजर जयदीप ने पद्मश्री स्वामी भारत भूषण के सान्निध्य में वैदिक हवन कर आशीर्वाद लिया। स्वामी भारत भूषण ने स्वस्तिक अंकित स्क्रिप्ट प्रदान कर शूटिंग को क्लैप देकर शुभारंभ कराया।
इस दौरान फिल्म के निर्देशक गगनजीत और प्रमुख कलाकार मौजूद रहे। फिल्म ‘हनुमान अंश’ में नीम करौरी बाबा की भूमिका निभाने वाले कर्नल हनी बख्शी आकर्षण का केंद्र रहे। मोक्षायतन के अधिष्ठाता नंद किशोर शर्मा, पंडित सुनील शर्मा, प्रदीप कंबोज, अनीता शर्मा, अजय शर्मा और ललित वर्मा सहित साधकों ने शंखनाद, स्वस्तिवाचन और पुष्पवर्षा कर फिल्म की सफलता की कामना की।
भव्यनिधि शर्मा ने सहारनपुर से शूटिंग शुरू होने पर खुशी जताते हुए कहा कि उनका जन्म सहारनपुर में हुआ और प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर में हुई। उनका मोक्षायतन योग संस्थान से भी जुड़ाव रहा है। फिल्म की शूटिंग देश के छह अलग-अलग डेस्टिनेशंस पर की जाएगी। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, भव्यनिधि शर्मा को टीवी शो ‘बिग बॉस’ के शुरुआती कॉन्सेप्ट प्रमोटर के रूप में भी श्रेय दिया जाता है।








