शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। मेला गुघाल की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए महापौर डॉ. अजय कुमार और नगरायुक्त शिपू गिरि ने शुक्रवार को नगर निगम अधिकारियों के साथ महाड़ी स्थल, भैरव मंदिर मेला गुघाल स्थल, जुबली पार्क तथा राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद निर्णय लिया गया कि दंगल व मुशायरा सहित कुछ कार्यक्रमों को छोड़कर मेले के अधिकांश सांस्कृतिक कार्यक्रम नेहरू मार्केट स्थित जीआईसी के नवनिर्मित बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित किए जाएंगे।
महापौर और नगरायुक्त ने महाड़ी स्थल पर साफ-सफाई, दीवारों की रंगाई-पुताई, श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग, शौचालय निर्माण तथा पेड़ों की कटाई-छंटाई का कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। भैरव मंदिर के निकट मेला स्थल के निरीक्षण के दौरान फव्वारे को नियमित चलाने, प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने, आवश्यक स्थानों पर रंगाई-पुताई और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
इससे पहले महापौर डॉ. अजय कुमार, नगरायुक्त शिपू गिरि और उपसभापति मयंक गर्ग ने महाड़ी स्थल पर नेजा के सामने नतमस्तक होकर श्री जाहरवीर गोगा जी महाराज से मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने तथा शहर में अमन-चैन की मंगलकामना की।
जीआईसी सभागार के निरीक्षण के दौरान महापौर ने बताया कि दंगल आदि कुछ कार्यक्रमों को छोड़कर अन्य सभी सांस्कृतिक आयोजन यहीं होंगे। कार्यक्रमों के दौरान कॉलेज के तिब्बती मार्केट वाले गेट का भी उपयोग किया जाएगा। नेहरू मार्केट और प्रताप मार्केट क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को भी नियंत्रित किया जाएगा। जुबली पार्क में श्रीरामलीला स्थल की साफ-सफाई और मंचीय स्थल को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।
नगरायुक्त ने उद्यान विभाग को अंबाला रोड और गंगोह रोड समेत विभिन्न डिवाइडरों की घास कटाई और सफाई कराने को कहा। निरीक्षण के दौरान उपसभापति मयंक गर्ग, मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष दिग्विजय चौहान, पार्षद रेनू शर्मा, आरती, मुकेश गक्खड़, ज्योति अग्रवाल, चौ. वीरसैन सिद्धू, नीरज शर्मा, समीर अंसारी, वीरेंद्र उपाध्याय, संजय सैनी सहित नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।
मेला गुघाल के सांस्कृतिक आयोजनों के लिए महापौर ने वार्ड 48 के पार्षद दिग्विजय चौहान की अध्यक्षता में आयोजन समिति गठित की है। समिति में वार्ड 10 की पार्षद रेनू शर्मा और वार्ड 13 की पार्षद आरती को शामिल किया गया है।








