मनोज धनगर
नकुड़ (सहारनपुर)। तहसील क्षेत्र के गांव सरूरपुर तगा उर्फ निच्ची नकुड़ में सरकारी चकरोड को कब्जामुक्त कराने की मांग को लेकर चल रहा किसानों का धरना-प्रदर्शन मंगलवार तक कार्रवाई के आश्वासन पर स्थगित हो गया। किसानों का आरोप है कि कई माह से चकरोड पर अवैध कब्जे का मामला लंबित है और तहसील प्रशासन राजनीतिक दबाव के चलते कार्रवाई नहीं कर रहा है।
मामले को लेकर पीड़ित किसान नितिन सैनी, स्थानीय महिलाएं तथा अखंड भारत युवा कल्याण संगठन एवं सनातन गौ रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष त्यागी अपनी टीम के साथ चकमार्ग खुलवाने की मांग को लेकर धरने पर बैठे थे। किसानों के धरने को लेकर प्रशासन में भी हलचल तेज हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नवनियुक्त तहसीलदार जसमेंद्र सिंह और थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर बौद्ध मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आंदोलनकारियों से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं। तहसीलदार ने मंगलवार तक सरकारी चकरोड से अवैध कब्जा हटवाकर मार्ग खुलवाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद किसानों ने फिलहाल धरना स्थगित कर दिया।
वहीं आशीष त्यागी और ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि मंगलवार को चकरोड कब्जामुक्त नहीं हुई और रास्ता नहीं खुला तो तहसील कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके बाद आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
किसानों के धरना स्थगित करने के बाद प्रशासन ने भी राहत की सांस ली है। अब सभी की नजर मंगलवार को प्रस्तावित कार्रवाई पर टिकी है।








