शहरी चौपाल ब्यूरो
गंगोह। नौकरी दिलाने और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में वांछित चल रहे आरोपी को गंगोह पुलिस ने रविवार को हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक तीन जुलाई 2026 को महिला ने थाना गंगोह पहुंचकर तहरीर दी थी। इसमें उसने गोविंदपुर, थाना बहादराबाद, जिला हरिद्वार निवासी शेखर पुत्र वेदपाल पर नौकरी दिलाने और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। महिला ने यह भी आरोप लगाया था कि आरोपी के परिजनों ने एकराय होकर उसके साथ मारपीट की तथा उसे और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी।
तहरीर के आधार पर थाना गंगोह में मुकदमा अपराध संख्या 328/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
पुलिस अधिकारियों के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक गंगोह इंद्रेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार 13 सितंबर को आरोपी शेखर को उसके गांव गोविंदपुर, जिला हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक केरन सिंह और कांस्टेबल गंगन कुमार शामिल रहे।








