श्रवण शर्मा
गंगोह। डाकघर में स्पीड पोस्ट बुक कराने के दौरान ऑनलाइन भुगतान को लेकर ग्राहक और कर्मचारियों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर कुछ देर के लिए डाकघर में हंगामे की स्थिति बन गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
जानकारी के अनुसार दीपांशु ने अपने एक कर्मचारी को स्पीड पोस्ट कराने के लिए डाकघर भेजा था। उनका आरोप है कि कर्मचारी से ऑनलाइन माध्यम से भुगतान करने के लिए कहा गया। कर्मचारी ने ऑनलाइन भुगतान करने में असमर्थता जताई तो कथित तौर पर उसकी स्पीड पोस्ट बुक नहीं की गई और उसे वापस लौटना पड़ा। इसके बाद दीपांशु स्वयं डाकघर पहुंचे और भुगतान की व्यवस्था को लेकर आपत्ति जताई।
दीपांशु का कहना है कि प्रत्येक ग्राहक के पास ऑनलाइन भुगतान की सुविधा उपलब्ध होना जरूरी नहीं है। ऐसे में केवल ऑनलाइन भुगतान के आधार पर स्पीड पोस्ट की बुकिंग होने से डिजिटल भुगतान की सुविधा नहीं रखने वाले लोगों को परेशानी हो सकती है। इसी बात को लेकर डाकघर में दोनों पक्षों के बीच बहस हुई। उन्होंने मांग की कि ग्राहकों को भुगतान के सभी उपलब्ध विकल्पों की स्पष्ट जानकारी दी जानी चाहिए, ताकि किसी को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
वहीं डाकघर के पोस्ट मास्टर राजेश्वर ने बताया कि स्पीड पोस्ट के लिए क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान की व्यवस्था उच्च स्तर से लागू की गई है। उन्होंने कहा कि जिन ग्राहकों के पास ऑनलाइन भुगतान की सुविधा नहीं है, उनके लिए डाक टिकट खरीदकर स्पीड पोस्ट भेजने का विकल्प भी उपलब्ध है। उनके अनुसार ग्राहकों को भुगतान के वैकल्पिक माध्यम की सुविधा दी जा रही है।








