चार साल बाद भी अधूरी पड़ी 2.17 करोड़ की हर घर जल योजना

टंकी की नींव के आगे नहीं बढ़ा काम, पाइपलाइन बिछने के बावजूद घरों तक नहीं पहुंचा पानी; ग्रामीणों ने उठाए सुरक्षा और रखरखाव पर सवाल

शहरी चौपाल ब्यूरो 

गंगोह। गांव बोड़पुर में ग्रामीणों को घर-घर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई करीब 2.17 करोड़ रुपये की हर घर जल योजना चार साल बाद भी अधूरी पड़ी है। योजना का काम सितंबर 2022 में शुरू होना था, लेकिन वर्तमान में मौके पर पानी की टंकी की केवल नींव बनी हुई है। लंबे समय से काम बंद होने के कारण योजना परिसर में झाड़ियां और घास उग आई हैं।

गांव निवासी नौशाद चौधरी की जनसुनवाई में की गई शिकायत के बाद संबंधित टीम ने मौके पर पहुंचकर योजना की स्थिति का निरीक्षण किया। जांच के दौरान परिसर में निर्माण कार्य बंद मिला। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से सफाई और निगरानी नहीं होने के कारण पंप हाउस परिसर असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का अड्डा बन गया है। परिसर में रखे जनरेटर सेट से सामान चोरी होने की बात भी ग्रामीणों ने बताई। उनका कहना है कि परिसर में झाड़ियों के कारण सांप और अन्य जंगली जानवरों का खतरा भी बना हुआ है।

ग्रामीणों के अनुसार योजना के तहत गांव में पाइपलाइन तो बिछा दी गई, लेकिन अभी तक घरों में पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। इसके चलते ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए दूसरे साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। इरशाद चौधरी ने बताया कि पाइपलाइन डालने के लिए जिन स्थानों पर सड़कें खोदी गई थीं, उनमें से कई की मरम्मत भी पूरी तरह नहीं हुई है।

नासिर चौधरी ने कहा कि योजना पर लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद ग्रामीणों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। वहीं अमजद चौधरी ने जनरेटर की सुरक्षा और योजना परिसर की नियमित सफाई नहीं होने पर सवाल उठाए। ग्रामीणों ने अधूरे काम को जल्द पूरा कराकर घरों तक पानी की आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार योजना का संचालन नमामि गंगे और ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के तहत उत्तर प्रदेश जल निगम ग्रामीण की ओर से कराया जा रहा है। निर्माण कार्य एनकेजी कंपनी द्वारा जेई सौरभ गुप्ता और सहायक अभियंता शैकी देव की देखरेख में कराया जा रहा है।

इस संबंध में सहायक अभियंता शैकी देव ने बताया कि फंड की कमी के कारण योजना का काम पूरा नहीं हो पाया है। कार्य को जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य