शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए 14 आईएएस और 34 पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल में सहारनपुर के मुख्य विकास अधिकारी (CDO) सुमित राजेश महाजन का भी तबादला किया गया है। उन्हें उत्तर प्रदेश स्टार्ट-अप मिशन का मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) बनाया गया है। वहीं अपर आयुक्त, राज्यकर डॉ. सुनील कुमार वर्मा को सहारनपुर का नया मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है।
सुमित राजेश महाजन ने सहारनपुर में मुख्य विकास अधिकारी के पद पर कार्य किया। अब शासन ने उन्हें नई जिम्मेदारी देते हुए उत्तर प्रदेश स्टार्ट-अप मिशन का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया है। उनके स्थान पर डॉ. सुनील कुमार वर्मा सहारनपुर के नए CDO होंगे। डॉ. वर्मा इससे पहले अपर आयुक्त, राज्यकर के पद पर कार्यरत थे।
सरकार की ओर से किए गए फेरबदल में आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के विशेष सचिव राहुल सिंह को लोक निर्माण विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है। वहीं लखीमपुर खीरी के मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार को आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अयोध्या के अपर जिलाधिकारी (नगर) योगानंद पांडेय को लखीमपुर खीरी का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। इसी क्रम में राजस्व परिषद, प्रयागराज के सदस्य (न्यायिक) साहब सिंह को सचिवालय प्रशासन विभाग में सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। विंध्याचल मंडल के अपर आयुक्त डॉ. विश्राम को राजस्व परिषद, प्रयागराज में सदस्य (न्यायिक) के पद पर भेजा गया है।
रेशम विभाग के विशेष सचिव एवं निदेशक देवेंद्र कुमार सिंह कुशवाहा को भी राजस्व परिषद, प्रयागराज में सदस्य (न्यायिक) नियुक्त किया गया है। अलीगढ़ मंडल के अपर आयुक्त अरुण कुमार को विशेष सचिव, ग्राम्य विकास विभाग बनाया गया है।
प्रशासनिक फेरबदल में सहारनपुर नगर निगम के अपर नगर आयुक्त प्रदीप कुमार यादव को भी नई जिम्मेदारी मिली है। उन्हें अलीगढ़ मंडल का अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है। इस तरह सहारनपुर से जुड़े दो प्रमुख अधिकारियों को नई तैनाती मिली है।
इसके अलावा चिकित्सा शिक्षा विभाग की महानिदेशक एवं सचिव नेहा शर्मा को सचिव की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। प्रदेश सरकार की ओर से किए गए इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल के बाद विभिन्न विभागों और जिलों में प्रशासनिक स्तर पर नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारियों की तैनाती की गई है।
सहारनपुर में अब डॉ. सुनील कुमार वर्मा के मुख्य विकास अधिकारी का पद संभालने के बाद विकास कार्यों, शासन की योजनाओं और जिले में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी। वहीं सुमित राजेश महाजन की नई जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश स्टार्ट-अप मिशन से जुड़ी होगी।








