शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। सामाजिक सेवा के क्षेत्र में अग्रणी संस्था प्रभु जी की रसोई में सोमवार को यूनाइटेड किंगडम की वारविक यूनिवर्सिटी के पांच सदस्यीय छात्र दल ने पहुंचकर सेवा कार्यों का अवलोकन किया। दल में गैरेथ जेम्स, शेन विक्रमारारिच्ची, ऐ सिलुवाल, कुंवर खन्ना एवं आदित्यवर्धन चावला शामिल रहे।

संस्था के सचिव शीतल टंडन एवं कर्नल संजय मिड्ढा ने अतिथि छात्र दल का स्वागत किया और उन्हें रसोई की कार्यप्रणाली तथा भोजन वितरण व्यवस्था की जानकारी दी। छात्र दल ने रसोई में भोजन तैयार करने से लेकर वितरण तक की पूरी व्यवस्था को देखा। इसके साथ ही छात्रों ने स्वयं जरूरतमंद लोगों को भोजन वितरित कर सेवा कार्य में सक्रिय भागीदारी की।
छात्रों ने भोजन वितरण में स्वच्छता, अनुशासन और व्यवस्थित व्यवस्था की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों को प्रतिदिन सम्मानपूर्वक भोजन उपलब्ध कराना प्रेरणादायक और अनुकरणीय कार्य है। रसोई की सादगी, अनुशासन और सेवा-भाव ने भी छात्र दल को प्रभावित किया। कई सदस्यों ने इस अनुभव को जीवनभर याद रहने वाला बताया।
इस अवसर पर नगर के वरिष्ठ समाजसेवी एवं अधिवक्ता विक्रम चावला ने बताया कि लोक कल्याण समिति द्वारा संचालित प्रभु जी की रसोई में पिछले नौ वर्षों से बिना एक दिन का अवकाश लिए निरंतर सेवा की जा रही है। उन्होंने बताया कि कोविड-19 के दौरान वर्ष 2020-21 में भी रसोई का संचालन जारी रहा और उस समय बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों तक भोजन पहुंचाया गया।
प्रभु जी की रसोई में वर्तमान में प्रतिदिन करीब 350 से अधिक जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। संस्था ने कहा कि वारविक यूनिवर्सिटी के छात्र दल का आगमन उसकी सेवा यात्रा में अंतरराष्ट्रीय संवाद के महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में रहा। संस्था समाज के कमजोर वर्गों के लिए निःस्वार्थ भोजन सेवा निरंतर जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर समिति के सदस्य भी मौजूद रहे।








