प्रमोद शर्मा
सहारनपुर। फतेहपुर थाना पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए डकैती की घटना का सफल अनावरण किया है। पुलिस ने पांच शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 35,500 रुपये नकद, आठ मोबाइल फोन, सफेद धातु का एक ब्रेसलेट, दो तमंचे 315 बोर, चार जिंदा कारतूस, तीन नाजायज चाकू, लूट में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल और दो फर्जी नंबर प्लेट बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में कई अन्य लूट और वाहन चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है।
सोमवार को सहारनपुर पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में एसपी देहात मयंक पाठक ने पत्रकार वार्ता कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छह सितंबर को गागलहेड़ी निवासी इल्ताफ ने थाना फतेहपुर में तहरीर देकर बताया था कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन-चार अज्ञात लोगों ने उनकी गाड़ी रुकवाकर उनके और साथियों के साथ मारपीट की तथा रुपये और तीन मोबाइल फोन छीन लिए थे। इस मामले में थाना फतेहपुर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान इसमें डकैती से संबंधित धारा की बढ़ोतरी की गई।
घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम गठित की गई थी। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक फतेहपुर प्रमोद कुमार सिंह और स्वाट टीम के नेतृत्व में 13 सितंबर को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की बडकला से टोल प्लाजा की ओर जाने वाली सर्विस लेन पर रजापुर जाने वाले कट के पास चेकिंग की गई। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर निवासी दानिश कॉलोनी रसूलपुर, सनव्वर निवासी दानिश कॉलोनी रसूलपुर, अनस निवासी मोहल्ला छीपियान, रिहान निवासी मांडेबांस थाना गागलहेड़ी और प्रिन्स निवासी बडूली, चौकी सीड़की थाना नागल के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से फतेहपुर की घटना से संबंधित 35,500 रुपये, एक ब्रेसलेट और तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। इसके अलावा पांच अन्य मोबाइल फोन भी बरामद किए गए, जिन्हें अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लूटे जाने की जानकारी सामने आई है। आरोपियों के पास से दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस, तीन चाकू, दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और दो फर्जी नंबर प्लेट भी मिलीं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि करीब एक सप्ताह पूर्व ग्राम मथाना के पास छोटा हाथी सवार तीन लोगों से तीन मोबाइल और चालक से 48 हजार रुपये लूटे थे। लूटे गए रुपये आपस में बांट लिए थे, जिसमें कुछ खर्च हो गए और शेष रकम पुलिस ने बरामद कर ली। आरोपियों ने लाखनौर पुल के पास स्कूटी सवार से सैमसंग और आईफोन, करीब 20 दिन पूर्व भगवानपुर रोड स्थित बहेड़ी गुर्जर के जंगल में मोटरसाइकिल सवार से सैमसंग मोबाइल तथा करीब 12-13 दिन पूर्व कलियर रोड, इमलीखेड़ा क्षेत्र में तमंचे के बल पर मोटरसाइकिल सवार से वीवो और मोटरोला मोबाइल लूटने की बात भी स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने मोटरसाइकिल संख्या UP11BR4841 को कुछ दिन पूर्व कलियर शरीफ स्थित मजार से चोरी कर उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई थी और इसी बाइक का इस्तेमाल लूट की घटनाओं में किया जा रहा था। दूसरी मोटरसाइकिल UP11CQ6031 के कागजात आरोपी प्रस्तुत नहीं कर सके तथा उसके चेसिस और इंजन नंबर घिसे हुए पाए गए।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास सामने आया है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह, स्वाट टीम के निरीक्षक राजीव कुमार, उपनिरीक्षक नीरज कुमार सहित थाना फतेहपुर और स्वाट टीम के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।








