शहरी चौपाल ब्यूरो
छुटमलपुर : कस्बे के प्रतिष्ठित ए.एच.पी. इंटर कॉलेज में सोमवार को हिंदी दिवस के अवसर पर एक भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। पूरा विद्यालय परिसर ‘जय हिंदी, जय हिंदुस्तान’ के नारों से गूंज उठा।
समारोह की अध्यक्षता स्कूल प्रबंधक राजकुमार पुंडीर ने की । प्रबंधक राजकुमार पुंडीर तथा प्रधानाचार्य धर्मेंद्र कुमार ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
अपने ओजस्वी उद्बोधन में प्रधानाचार्य धर्मेंद्र कुमार ने कहा – “हिंदी केवल शब्दों का समूह नहीं, यह हमारे रक्त में बसी संस्कृति है, हमारी माँ के आँचल जैसी ममता है और कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत को एक सूत्र में पिरोने वाली राष्ट्रीय चेतना है।”
उन्होंने कहा कि 14 सितंबर 1949 का वह ऐतिहासिक दिन जब संविधान सभा ने हिंदी को राजभाषा का गौरव दिया, वह हर भारतीय के स्वाभिमान का दिन है। युवाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा, “विश्व बाजार में खड़े होने के लिए अंग्रेजी का ज्ञान तलवार के समान है, लेकिन अपनी पहचान बचाने के लिए हिंदी ढाल के समान है। तलवार से आप लड़ सकते हैं, पर ढाल ही आपकी रक्षा करती है। इसलिए गर्व से कहो, हम हिंदी हैं।”इस दौरान विद्यालय के मेधावी छात्रों ने कविता, स्वरचित निबंध और सारगर्भित भाषणों से सबका मन मोह लिया। उपस्थित शिक्षकों और अभिभावकों ने छात्रों की प्रतिभा की सराहना की।
अंत में प्रधानाचार्य ने सभी को हिंदी को दैनिक जीवन, शिक्षा और कार्यालयों में अपनाने का संकल्प दिलाया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।








