शहरी चौपाल ब्यूरो
गंगोह (सहारनपुर)। शिक्षा एवं युवा विकास के क्षेत्र में विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इनर व्हील क्लब ने दो प्रतिभाशाली छात्राओं अदिति और कीर्ति को पूरे वर्ष की स्कॉलरशिप प्रदान की। एक कार्यक्रम के दौरान क्लब अध्यक्ष निर्मल जैन ने दोनों छात्राओं को उनकी पूरे वर्ष की फीस के चेक प्रदान कर सम्मानित किया।
क्लब अध्यक्ष निर्मल जैन ने घोषणा की कि दोनों छात्राओं की पूरी फीस उनकी शिक्षा पूर्ण होने तक इनर व्हील क्लब की ओर से आजीवन शिक्षा सहयोग के रूप में उनके द्वारा प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि आर्थिक कठिनाइयां प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के भविष्य और उनके सपनों की राह में बाधा नहीं बननी चाहिए। इसी उद्देश्य से क्लब की ओर से छात्राओं को निरंतर सहयोग दिया जाएगा।
बताया गया कि अदिति पूरन मल रामलाल डिग्री कॉलेज से बीए की पढ़ाई के साथ सीएचएसएल की तैयारी कर रही हैं, जबकि कीर्ति आईपीएस कॉलेज से बीसीए कर रही हैं। दोनों छात्राओं ने सहयोग के लिए इनर व्हील क्लब का आभार जताया।
क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि इनर व्हील क्लब का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि प्रतिभाशाली बच्चों के सपनों को उड़ान देना और उन्हें अपने लक्ष्य तक पहुंचने के लिए निरंतर प्रोत्साहित करना भी है। आर्थिक रूप से सहयोग मिलने से विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई पर बेहतर ढंग से ध्यान केंद्रित करने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम संयोजक अनुराधा शर्मा सहित क्लब सदस्य संतोष आर्य, नेहा गोयल, शशि गुप्ता, अनीता सिंघल, शिखा एरन, नीरा शर्मा एवं रीना गर्ग ने दोनों छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने छात्राओं को मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।








