शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। राज विहार सत्संग भवन में सोमवार को 19वें गणेश महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। गणपति जी के आगमन के अवसर पर शाम चार बजे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे लगाते हुए उत्साह एवं भक्तिभाव के साथ शामिल हुए। गणपति जी के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
इस वर्ष भी गणपति जी की प्रतिमा वरिष्ठ रोटेरियन एवं समाजसेवी अनिल भारद्वाज की ओर से श्रद्धापूर्वक भेंट की गई। प्रतिमा के शोभायात्रा में शामिल होने के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। शोभायात्रा के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने गणपति जी का भव्य स्वागत किया। अनेक स्थानों पर पुष्पवर्षा की गई तथा श्रद्धालुओं के लिए ठंडे पेयजल और प्रसाद की व्यवस्था की गई।
अनिल भारद्वाज ने कहा कि गणपति बप्पा की प्रतिमा भेंट करना उनके लिए श्रद्धा और सौभाग्य का विषय है। भगवान श्री गणेश बुद्धि, विवेक, शुभता और समृद्धि के प्रतीक हैं। उन्होंने कामना की कि गणपति बप्पा की कृपा से प्रत्येक परिवार में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहे तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारा निरंतर मजबूत हो। उन्होंने क्षेत्रवासियों को गणेश महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
महोत्सव के संयोजक संदीप गर्ग ने कहा कि गणेश महोत्सव केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने और आपसी प्रेम एवं भाईचारे को मजबूत करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी महोत्सव में श्रद्धालुओं की सहभागिता उत्साहजनक है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से प्रतिदिन आयोजित होने वाली पूजा, आरती एवं अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों में परिवार सहित शामिल होने की अपील की।
आयोजकों के अनुसार गणेश महोत्सव 25 सितंबर तक चलेगा। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन शाम छह बजे गणपति जी की पूजा एवं आरती आयोजित की जाएगी। 25 सितंबर को शाम चार बजे गणपति जी की विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी।
महोत्सव के सफल आयोजन में संदीप गर्ग एवं आशु गर्ग, वरुण गर्ग एवं भावना गर्ग, देश दीपक एवं नीलम शर्मा, अनिल एवं पूनम भारद्वाज, योगेश एवं प्रभा शर्मा, संदीप एवं राजेश शर्मा, मधु गुप्ता, जे.एस. अरोड़ा, शिव कुमार राणा, गोपाल एवं कंचन अग्रवाल, पंकज एवं आयुषी अग्रवाल, अंजू त्रिपाठी, नेहा सेठी, देवी प्रकाश एवं वंदना वशिष्ठ, अनीता राणा, चैतन्य एवं उत्तरा निगोसकर, अलका चौधरी, वीना मेहंदीरत्ता, वंदना रस्तोगी, लक्ष्मी उपाध्याय, आभा बंसल, ऋचा, रमेश एवं सुनीता बंसल, आरती एवं संयोग सैनी, पूनम एवं पंकज पाठक, सुषमा त्यागी, संजय एवं नूतन कपिल, चैतन्य एवं आयुषी, पी.के. सेठी, केतन सेठी, सुभाषीष एवं माधुरी, राजीव एवं नीरजा सहित अनेक श्रद्धालुओं का विशेष सहयोग रहा।
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से गणेश महोत्सव के दौरान आयोजित पूजा-अर्चना एवं अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर गणपति बप्पा का आशीर्वाद प्राप्त करने का आह्वान किया।








