17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान

जन-जन तक पहुंचाई जाएंगी जनकल्याणकारी योजनाएं और सरकार की उपलब्धियां: प्रभारी मंत्री

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर, । जनपद में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत-2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है। अभियान की तैयारियों और कार्ययोजना को लेकर मंगलवार को सर्किट हाउस सभागार में प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री सुनील कुमार शर्मा की अध्यक्षता में अधिकारियों के साथ बैठक हुई।

बैठक में विधायक नकुड़ मुकेश चौधरी, महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह और नगर आयुक्त शिपू गिरी मौजूद रहे। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। सभी विभाग गंभीरता से कार्य करते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतें। उन्होंने कहा कि विभाग अपनी पूर्ण कार्ययोजना तैयार कर जनप्रतिनिधियों को भी उपलब्ध कराएं।

सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि अभियान के तहत सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण, सरकार की प्रमुख उपलब्धियों और विकसित भारत-2047 के मूल भाव को केंद्र में रखकर कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। कार्यक्रम जनपद, तहसील और विकासखंड स्तर के साथ ग्राम स्तर पर भी आयोजित किए जाएं।

उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को शाम सात बजे जनपद की सभी विधानसभाओं के चिन्हित 11 प्रमुख स्थलों पर ‘सेवा का दीया’ के तहत दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके साथ ही योजनाओं के लाभार्थियों के घरों पर भी ‘सेवा का दीया’ जलाया जाएगा। सभी सरकारी कार्यालयों, विकासखंड एवं अन्य कार्यालयों में भी ‘आशीर्वाद का दिया’ जलाया जाएगा।

‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के तहत विधानसभा क्षेत्रों से आने वाले छह प्रमुख मार्गों से घंटाघर तक पुलिस जवानों द्वारा बाइक रैली, अंबेडकर स्टेडियम से घंटाघर तक खिलाड़ियों द्वारा पैदल मार्च तथा कलेक्ट्रेट से घंटाघर तक एनसीसी, एनएसएस और पीआरडी जवानों द्वारा साइकिल रैली आयोजित की जाएगी।

प्रभारी मंत्री ने सेवा सेतु अभियान के तहत प्रत्येक विकासखंड स्तर पर साप्ताहिक बहुउद्देशीय सेवा शिविर, स्टॉल और स्वास्थ्य मेला आयोजित करने के निर्देश दिए। इन शिविरों में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के साथ पात्र लोगों के ऑन-द-स्पॉट आवेदन और सत्यापन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के तहत छात्रों के व्यापक ओरिएंटेशन एवं मोटिवेशन कार्यक्रम आयोजित कर अधिक से अधिक विद्यार्थियों को जोड़ा जाएगा। वहीं ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम में कलाकारों, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों और विद्यार्थियों की व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, जिलाध्यक्ष अजीत राणा, महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई, पीडीडीआरडीए प्रणय कृष्ण सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य