अमित कुमार उपाध्याय
चिलकाना (सहारनपुर)। राज्य परियोजना कार्यालय की ओर से 10 सितंबर को प्रदेश के आठ जनपदों के विभिन्न विकासखंडों में संचालित शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रमों का ऑनलाइन पर्यवेक्षण किया गया। इसमें सहारनपुर के विकासखंड सरसावा में चल रहे प्रशिक्षण का प्रदर्शन प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ पाया गया।
ऑनलाइन पर्यवेक्षण के दौरान सरसावा में प्रशिक्षण निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार स्वच्छ एवं संसाधनयुक्त कक्ष में संचालित पाया गया। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों की 75 प्रतिशत से अधिक सक्रिय सहभागिता रही। राज्य परियोजना टीम ने प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं और प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की।
प्रशिक्षक प्रवीण चौधरी की कार्यशैली को भी विशेष रूप से सराहा गया। टीम ने विषय-वस्तु पर उनकी पकड़, अनुशासन, समयबद्धता तथा प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की सक्रियता बनाए रखने के लिए किए गए प्रयासों की प्रशंसा की। प्रतिभागियों को प्रशिक्षण से जोड़े रखने के लिए उनके द्वारा एनर्जाइजर गतिविधियों का प्रभावी प्रयोग किया गया।
प्रशिक्षण की सफलता पर सरसावा की टीम में शामिल बृजेश, अमित कुमार, शिव कुमार, सैय्यद अहमद और मनमोहन शर्मा को बधाई दी गई। वहीं शामली, थानाभवन तथा कासगंज में संचालित शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रमों का कार्य भी संतोषजनक पाया गया।








