शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने कहा कि भाजपा विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में नफरत का माहौल बनाकर हिंदू-मुसलमानों को बांटने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने वर्ष 2014 के चुनाव से पहले जनता से किसानों की आय दोगुनी करने, मकान बनवाने, बुलेट ट्रेन, स्मार्ट सिटी और काला धन वापस लाने जैसे कई वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद जनता को ठगने का काम किया गया।

राजकुमार भाटी कस्बा नकुड़ के शाहजहांपुर मार्ग स्थित एक सभागार में सपा प्रदेश सचिव धर्मवीर खटाना द्वारा आयोजित पीडीए जनसंवाद कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों से किसान, मजदूर, युवा और आम जनता परेशान हैं।
कैराना सांसद इकरा हसन ने कहा कि भाजपा शासन में 26 हजार स्कूल बंद हो चुके हैं। सरकारी अस्पतालों में इलाज संभव नहीं है। चीनी के दाम आसमान छू रहे हैं, जबकि गन्ने का रेट वही है। उन्होंने कहा कि भाजपा हाईवे बनाने में आगे है, लेकिन बनने के तुरंत बाद ही हाईवे गड्ढों में तब्दील हो जाते हैं। सांसद ने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग आज हमारे लिए योजनाएं बना रहे हैं, उनके पास जनता की समस्याओं की वास्तविक समझ नहीं है।
कार्यक्रम संयोजक सपा प्रदेश सचिव धर्मवीर खटाना ने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के पास राजनीतिक विचारधारा, दर्शन, घोषणा पत्र और विकास का विजन है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के कार्यकाल में मेट्रो, एक्सप्रेसवे, लोक भवन, पुलिस मुख्यालय, जनेश्वर मिश्र पार्क, 1090, डायल 100, इकाना स्टेडियम और गोमती रिवर फ्रंट जैसे कार्य कराए गए। साथ ही प्रदेश में बिजली के नए कारखाने लगाए गए। उन्होंने दावा किया कि पीडीए के समर्थन से सपा आगामी विधानसभा चुनाव में 300 सीटों पर जीत हासिल करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
जनसंवाद कार्यक्रम को पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री विनोद तेजियान, सपा प्रदेश सचिव लल्ला गुर्जर, पुष्पेंद्र चौधरी, वीरेंद्र सिंह नागर, आसिफ चौधरी, आजम राणा, अनुज चौधरी, सतीश शर्मा, प्रदेश सचिव मजाहिर राणा, नियाज प्रधान और रवि बैंसला ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने 2027 के विधानसभा चुनाव का आगाज करते हुए कार्यकर्ताओं और समर्थकों से मतदान के माध्यम से अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रामपाल सिंह ने की। इस दौरान राहुल राठी, आसिफ खटाना, हिमांशु धीमान, अनुज राठी, सागर गोस्वामी, रवि खटाना, गौतम चौधरी समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।








