श्री कांत शर्मा
गागलहेड़ी (सहारनपुर)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गागलहेड़ी पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 24 किलो 70 ग्राम डोडा पोस्त बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपित उत्तराखंड से डोडा पोस्त खरीदकर लाते थे और ट्रक चालकों को बेचकर मुनाफा कमाते थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में मंगलवार देर रात पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान बलियाखेड़ी की ओर जाने वाले रास्ते पर संदिग्ध गतिविधि के आधार पर पुलिस ने दो युवकों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से डोडा पोस्त बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपितों की पहचान नदीम उर्फ घोल्ला पुत्र सलीम तथा नीशू पुत्र अनीश, निवासी ग्राम कोलकी कलां, के रूप में हुई। तलाशी के दौरान नदीम के कब्जे से 12.534 किलोग्राम और नीशू के कब्जे से 11.536 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे डोडा पोस्त उत्तराखंड से खरीदकर लाते थे और उसे ट्रक चालकों को बेचते थे। पुलिस अब पूछताछ के आधार पर इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और आरोपितों के संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।
एसएसआई अतुल कुमार ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जांच की जा रही है। आरोपितों से मिली जानकारी के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नशा तस्करों को पकड़ने वाली पुलिस टीम में एसएसआई अतुल कुमार, एसआई अभिनव कुमार, कांस्टेबल नरदेव, अनुज, संजू और रवेंद्र कुमार शामिल रहे।







