शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। दिल्ली रोड स्थित जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र के निकट वुड क्राफ्ट डिजाइन एवं डेवलपमेंट सोसाइटी के हॉल में गुरुवार को विश्वकर्मा दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर डॉ. अजय कुमार और नगर विधायक राजीव गुम्बर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना 2.0 के तहत रोजगार एवं प्रशिक्षण के साथ स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए लाभार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया। इस दौरान योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त लाभार्थियों को उनके कार्य से संबंधित टूलकिट वितरित की गईं। हलवाई, सुनार और दर्जी वर्ग के लाभार्थियों को टूलकिट मिलने से उन्हें अपने पारंपरिक कार्य को आगे बढ़ाने और स्वरोजगार के अवसर विकसित करने में मदद मिलने की बात कही गई।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री उद्यमी विकास अभियान योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इसके अलावा श्रम विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को भी प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। अधिकारियों ने योजनाओं के माध्यम से प्रशिक्षण, रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों ने लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने तथा उपलब्ध अवसरों का सदुपयोग करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में उद्योग विभाग और श्रम विभाग से जुड़े अधिकारियों के साथ उद्यमियों की भी सहभागिता रही।
कार्यक्रम में संयुक्त आयुक्त उद्योग, उपायुक्त उद्योग, सहायक आयुक्त उद्योग, सहायक श्रम आयुक्त सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं उद्यमी मौजूद रहे।








