शहरी चौपाल ब्यूरो
छुटमलपुर (सहारनपुर ) सृजन, शिल्प और तकनीक के अधिष्ठाता भगवान विश्वकर्मा की जयंती के उपलक्ष्य में कमलापुर रोड स्थित विश्वकर्मा धर्मशाला में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। श्री विश्वकर्मा समाज कल्याण समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के सैकड़ों गणमान्य लोगों ने सहभागिता कर भगवान विश्वकर्मा के चरणों में शीश नवाया।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व विधायक बेहट नरेश सैनी, साहब सिंह पुंडीर, मुल्की राज सैनी, मंडल अध्यक्ष अमित सेन, एडवोकेट मंजू शर्मा एवं समिति अध्यक्ष रविंद्र धीमान ने संयुक्त रूप से भगवान विश्वकर्मा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं माल्यार्पण कर किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया गया।
अपने संबोधन में पूर्व विधायक नरेश सैनी ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा केवल एक देवता नहीं, बल्कि सृजन, शिल्पकला, वास्तुकला और तकनीकी ज्ञान के शाश्वत प्रतीक हैं। उन्होंने अपने अद्वितीय सृजनात्मक कार्यों से मानव सभ्यता को विकास का मार्ग दिखाया। आज आवश्यकता है कि हम सभी उनके आदर्शों को आत्मसात कर अपनी कला, हुनर और परिश्रम को समाज व राष्ट्र के उत्थान में लगाएं।
युवाओं को संबोधित करते हुए वरिष्ठ नेता साहब सिंह पुण्डीर ने कहा कि बदलते युग में तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास ही सफलता की कुंजी है। हुनरमंद युवा ही आत्मनिर्भर भारत के स्वप्न को साकार कर सकते हैं। इसके साथ ही समाज की एकजुटता, आपसी सहयोग और जरूरतमंदों की सहायता के लिए कंधे से कंधा मिलाकर चलने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर गन्ना समिति चेयरमैन मुल्की राज सैनी, अरविंद धीमान, कबूल सिंह, सुशील धीमान, विनोद धीमान, नीरज जैन, विशाल बंसल सहित बड़ी संख्या में मौजूद रहे। समिति के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।








