शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद न्यायाधीश सतेन्द्र कुमार, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने गुरुवार को जिला कारागार का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जेल परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए बंदियों से संवाद किया और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जनपद न्यायाधीश ने बंदियों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसी भी बंदी को विधिक अथवा कानूनी सहायता की आवश्यकता हो तो वह बिना किसी संकोच के अपनी बात रख सकता है। शासन की ओर से पात्र बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
अधिकारियों ने जिला कारागार के चिकित्सालय, मैस और विभिन्न बैरकों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं और साफ-सफाई की स्थिति को परखा गया। जेल प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जेल परिसर में किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक वस्तु प्रवेश नहीं करनी चाहिए। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ कारागार परिसर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने जेल प्रशासन से व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने तथा बंदियों को नियमानुसार सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी एवं जेल प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।








