अमित कुमार उपाध्याय
चिलकाना। विद्युत वितरण उपखंड चिलकाना परिसर में भगवान विश्वकर्मा पूजन के अवसर पर हवन-पूजन का आयोजन किया गया। पंडित अनिल शर्मा ने विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के साथ हवन-पूजन संपन्न कराया। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने हवन में आहुति देकर भगवान विश्वकर्मा से सुख-समृद्धि एवं कार्यों में सफलता की कामना की।
हवन-पूजन के उपरांत भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ आसपास के लोगों ने भी प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं को पंक्तिबद्ध तरीके से प्रसाद वितरित किया गया। भंडारे के दौरान लोगों में उत्साह और श्रद्धाभाव नजर आया।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता विजय कुमार, उपखंड अधिकारी प्रकाश चांद सागर, अवर अभियंता प्रवीण कुमार, टीजी-टू प्रदीप कुमार, विनय कांत, मोहित कुमार, प्रदीप कुमार रोहिला, नक्षत्र पाल, नितिन कुमार, सुनील कुमार, करण कुमार सैनी, शुभम सैनी, अफजाल और पूर्व चेयरमैन अकबर कुरैशी आदि मौजूद रहे।








