शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, । प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार शाम शाहजहांपुर घाट 21 हजार आशीर्वाद के दीयों की रोशनी से जगमगा उठा। घाट पर आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में आमजन ने सहभागिता की। इसी क्रम में सरसावा विकासखंड की सभी 103 ग्राम पंचायतों में भी आशीर्वाद के दीये प्रज्वलित कर सेवा, जनभागीदारी और जनकल्याण का संदेश दिया गया।

शाहजहांपुर घाट पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक मुकेश चौधरी ने रुद्राक्ष का पौधा रोपित कर किया। इसके बाद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सामूहिक रूप से यमुना आरती की। हजारों दीयों से रोशन घाट और आरती के दौरान बना आध्यात्मिक वातावरण श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम में पश्चिमी उत्तर प्रदेश युवा मोर्चा के अध्यक्ष सुखविंदर सोम, संयुक्त मजिस्ट्रेट राम भरोस सरन, एसडीएम सदर सुबोध सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
आरती के उपरांत जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया। वक्ताओं ने सेवा भावना, पर्यावरण संरक्षण, जनभागीदारी और सामाजिक समरसता को समाज के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने और समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा कार्यों से जोड़ने का आह्वान किया।
103 ग्राम पंचायतों में भी जले दीये
सेवा संकल्प अभियान के तहत सरसावा विकासखंड की सभी 103 ग्राम पंचायतों में भी आशीर्वाद के दीयों का आयोजन किया गया। विभिन्न ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए दीप प्रज्वलित किए। इस दौरान सेवा, जनकल्याण और सामाजिक सहभागिता की भावना के साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के समापन पर शाहजहांपुर घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं और आमजन को प्रसाद वितरित किया गया। 21 हजार दीयों से रोशन शाहजहांपुर घाट और 103 ग्राम पंचायतों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा, श्रद्धा, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।








