शहरी चौपाल ब्यूरो
गंगोह। बिजली व्यवस्था में सुधार समेत विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) का धरना शुक्रवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। धरनारत किसानों ने बिजली विभाग के एसडीओ को समस्याओं के समाधान के लिए रविवार तक का समय दिया है। किसानों ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो सोमवार को बिजलीघर पर ताला लगाने के साथ रोड जाम किया जाएगा।
धरने की अध्यक्षता अकबर राव नेकी ने की, जबकि संचालन जितेंद्र शर्मा ने किया। जिला सचिव बृजपाल सैनी, ब्लॉक अध्यक्ष तहसीन चौधरी और नगर अध्यक्ष मेहरबान कुरैशी ने कहा कि किसान बिजली से जुड़ी समस्याओं को लेकर कई बार अधिकारियों को अवगत करा चुके हैं, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि अब केवल आश्वासन के आधार पर आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।
किसानों ने रात के समय होने वाली लंबी बिजली कटौती बंद करने और पर्याप्त विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। उनका कहना था कि लाइन लॉस के नाम पर चेकिंग के दौरान उपभोक्ताओं को परेशान नहीं किया जाना चाहिए। इसके अलावा खराब बिजली के तारों और टूटे खंभों को बदलने की मांग भी उठाई गई।
भाकियू कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया रोकने तथा बिना सूचना बढ़ाए गए बिजली के लोड को वापस लेने की मांग भी दोहराई। धरने के दौरान किसानों ने बिजलीघर परिसर में ही खाना बनाया और खाया।
किसानों ने शुक्रवार को एसडीओ को दो दिन का समय देते हुए कहा कि चेकिंग और स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया को लेकर उनकी मांगों पर समाधान किया जाए। किसानों ने कहा कि यदि रविवार तक समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो सोमवार को बिजलीघर पर ताला लगाने और रोड जाम करने का निर्णय लिया जाएगा।
धरने में नितिन शर्मा, कलीम कुरैशी, ओंकार शर्मा, कय्यूम, नीटू, आबिद, सरफराज, हाजी नाजिम, फैसल, नौशाद, मतलूब, मांगता, अनवर, आलीशान, फारुख, नसीम, दानिश, सुहेल आदि मौजूद रहे।








